महाराष्ट्र में हुए कई दिन के सियासी ड्रामे के बाद एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री और देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बने। हाल में ही एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिस पर कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने चुटकी ली। इसके साथ आम सोशल मीडिया यूजर भी कई तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्या है? : सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान एक मीडिया कर्मी के सवाल पर एकनाथ शिंदे बोलना शुरू करते हैं तो देवेंद्र फडणवीस उनके सामने से माइक हटा लेते हैं। जिसके बाद वह जवाब देने लगते हैं। वहीं दूसरे वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा में देवेंद्र फडणवीस अपनी बात रख रहे हैं, इस दौरान एकनाथ शिंदे उनसे पूछते हैं कि क्या वह बोल सकते हैं। इस पर देवेंद्र फडणवीस इशारा करते हैं कि हां बोलो लो।
कांग्रेस नेता ने कसा तंज : श्रीनिवास बीवी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि गजब बेज्जती है। इसमें सीएम कौन है? बता दें कि इस वीडियो को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया है।
यूजर्स के रिएक्शन : बृज नाथ सिंह नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि ऐसे लोग इसी इज्जत के पात्र हैं, ऐसे लोग हिंदुत्व बचाने निकले थे। मिनी नागरे नाम के ट्विटर हैंडल से कमेंट किया गया- अब महाराष्ट्र इतने बुरे दिन आ गए हैं कि महाराष्ट्र सीएम को अपने मर्जी से बोलने भी नहीं दिया जा सकता है। प्रिंस नाम के एक टि्वटर यूज़र द्वारा लिखा गया कि यह बीजेपी वाले हैं, देखते जाओ अभी क्या क्या करने को बोलेंगे।
वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कांग्रेस नेताओं द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर तंज कसते हुए लिखा है कि यूपीए सरकार में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कितना बोल पाते थे। इसके बारे में सबको पता है। जानकारी के लिए बता दें कि मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस को दावेदार माना जा रहा था लेकिन बाद में एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया। जिसको लेकर बीजेपी की ओर से कहा गया कि उन्हें सत्ता पाने की लालसा कभी भी नहीं थी।
