उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। ब्रजेश पाठक मंत्रालय का पदभार संभालने के बाद से ही अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं, जायजा ले रहे हैं और गड़बड़ी पाए जाने पर अधिकारियों को फटकार लगा रहे हैं। अब खुद गाड़ी चलाकर उपमुख्यमंत्री बनारस के पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल पहुंच गये।
सादे कपड़े, बिना किसी सुरक्षा और बिना तामझाम के ब्रजेश पाठक खुद गाड़ी चलाते हुए अस्पताल में दाखिल होते हैं। लाइन में लगकर पर्ची कटाते हैं। काउंटर पर पूछताछ करते हैं। इसके बाद सीधे उपमुख्यमंत्री, डॉक्टर के केबिन में दाखिल होते हैं और मरीजों से पूछताछ करते हैं। हालांकि तब तक किसी को भनक नहीं लगी थी कि उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री उनके अस्पताल में पहुंचे हुए हैं।
अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद जो खामियां मिली, ब्रजेश पाठक ने उस पर कार्रवाई करने की बात की। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। ब्रजेश पाठक के इस कदम की लोग तारीफ कर रहे हैं तो कुछ सवाल भी उठा रहे हैं। ऋषिकेश सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि ‘सर एक चीज समझ नहीं आती कि चोरी से छापा मारने जाते हैं लेकिन कैमरामैन साथ में होता है तो कैसे छुपता होगा?’
संदीप नाम के यूजर ने लिखा कि ‘दो चार मंत्री इन्ही के जैसे दौरा करने लग जाये तो काफी सुधार हो जाएगा। पाठक जी को अनंत आभार, सीधे जाकर समस्याओं को देख रहे हैं और सुधार करवा रहे हैं।’ नेहा सिंह ने लिखा कि ‘अगर इसके बावजूद भी डॉक्टर सुधर जाएं तो बड़ी बात होगी और मरीजों को काफी राहत होगी।’
सौरभ नाम के यूजर ने लिखा कि ‘दिखावे में ही सही, काम तो कर रहे हैं और अधिकारियों के पसीना तो ला रहे हैं।’ ऋषभ श्रीवास्तव नाम के यूजर ने लिखा कि ;एक दम सही तरीका है व्यवस्था को नजदीक से समझने का।’ संजीव कुमार ने लिखा कि ‘इस समय सबसे अच्छा काम कर रहे हैं उपमुख्यमंत्री जी।’
रूद्र सिंह ने लिखा कि ‘इस बार सच वाला स्वास्थ्य मंत्री मिला हैं यूपी वालों को।’ बीएन गोस्वामी नाम के यूजर ने लिखा कि ‘इससे ज्यादा औचक निरीक्षण तो, हमारे उत्तराखंड के सारे मंत्री अपने-अपने विभागों में करते हैं, ये तो गाड़ी में जा रहे हैं, वो तो पहाड़ों की पगडंडियों में पैदल ही भागते हैं।’ पंकज यादव नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आप लोग मंत्री जी का प्रचार कर रहे हैं, प्रचार इसलिए कह रहा हूं क्योंकि समस्याएं जस की तस कुछ दिन के बाद मिलेंगी और मंत्री जी वाहवाही लूटकर चले जाएंगे।’