हिमाचल के हमीरपुर से दिल दुखाने वाली एक खबर सामने आ रही है, यहां भोरंज उपमंडल के जाहू गांव में एक सास औऱ बहू में मां-बेटी जैसा प्यार था। दोनों एक-दूसरे के बिना रह नहीं पाती थीं। दोनों के रिश्ते की लोग मिसाल देते थे, उदाहरण देते थे। खबर है कि हैरान करने वाली घटना में सास की मौत के बाद उनके शव से लिपटकर रोती हुई बहू ने भी एक घंटे के भीतर अपने प्राण त्याग दिए। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। घरवाले सदमे में हैं, गांव में यह चर्चा का विषय है, सुनने वाले इस बारे में जानकर हैरान हो जा रहे हैं।
एक आंगन से दो अर्थी उठी तो लोगों की आंखों से आंसू निकल पड़े, जो घर सास-बहू की हंसी से चहका करता था आज वहां मातम पसरा था। गांव के सभी लोग गमगीन हैं। ग्रामीणों के अनुसार, 85 साल की दमोदरी का बुधवार शाम 7 बजे निधन हो गया था, वह कुछ दिन से बीमार थीं उन्होंने प्राण त्याग दिए। सास के निधन के बाद बहू रेशमा उनके शव से लिपटकर मां-मां कहकर रोने लगी, इस समय वह बेहोश हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आस-पास के लोगों का कहना है कि सास औऱ बहू में काफी गहरा लगाव था, बहू अपने मां समान सास की मौत सहन नहीं कर पाई औऱ सदमें में चल बसी। दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ वीरवार को गांव के श्मशानघाट पर पर एक ही चिता पर हुआ। वहीं कश्मीर सिंह ने मां औऱ पत्नी को एक साथ खो दिया, वे सदमे हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि उनके साथ ये क्या हो गया है।