चीन ने गेन नदी पर बने अपने 23 साल पुराने पुल को नेस्तानाबूत कर दिया है। यह मल्टी लेन गैंजियांग ब्रिज 5173 फीट लंबा था। बीते शुक्रवार (28-09-2018) को चीन ने इस पुल को ध्वस्त किया है। इस पुराने पुल को ध्वस्त किये जाने का एक वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि नदी के इस छोर से लेकर उस छोर तक बना यह पुल पलक झपकते ही खाक में मिल जाता है। 3.5 सेकेंड के अंदर एक जोरदार धमाके के साथ इस यह पुल नष्ट हो जाता है। जानकारी के मुताबिक ब्रिज को नष्ट करने से पहले ब्रिज के आसपास कई टन विस्फोटक रखे गए थे। पुल को पूरी तरह से सील कर दिया गया था और इसपर आवागमन बिल्कुल बंद कर दिया गया था। पुल के 61 खंभों और 4 मुख्य हिस्सों पर भारी मात्रा में विस्फोटक लगाए गए थे।
शुक्रवार को सुबह 10 बजे के बाद इस पुल को नष्ट कर दिया गया। आसपास रहने वाले लोग दूर से खड़े होकर इस नजारे को देख रहे थे। पुल के ध्वस्त होने के बाद आकाश में कुछ देर तक धुंध छा गई। गैंजियांग ब्रिज जिस इलाके में है वहां पिछले कुछ सालों में आबादी काफी तेजी से बढ़ी है। यहां आबादी बढ़ने के बाद से अब यह पुल लोगों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा था। 23 सितंबर 1993 को इस पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी। गैंजियांग ब्रिज को दिसंबर 1995 में यातायात के लिए खोला गया था।
कहा जा रहा है कि जल्दी ही इस पुल की जगह नए पुल का निर्माण कराया जाएगा। नए पुल के निर्माण को लेकर तैयारियां भी हो चुकी है। अगले साल जनवरी से नए पुल के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। नया पुल जून 2021 में यहां रहने वाले लोगों के लए खोल दिया जाएगा।
देखें वीडियो :
