फैशन प्रोडक्ट और कपड़ों से जुड़ी वेबसाइट मिंट्रा को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अपना गुस्सा दिखा रहे हैं। ट्विटर पर #BoycottMyntra ट्रेंड हो रहा है। ई-कॉमर्स कंपनी पर लोग धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा रहे हैं।
#BoycottMyntra करने वालों का कहना है कि इस तरह काम जानबूझकर किए जाते हैं। दरअसल जिस मामले को लेकर #BoycottMyntra ट्रेंड हो रहा है वह एक पुराना विज्ञापन है। इस विज्ञापन में द्रौपदी के चीरहरण के दृश्य का इस्तेमाल किया गया है। उसमें यह दिखाया गया है कि एक व्यक्ति द्रौपदी के वस्त्र उतार रहा है और भगवान श्री कृष्ण मोबाइल में मिंट्रा का ऐप खोल कर उसमें साड़ी ढूंढ रहे हैं।
@Sassy_Hindu नाम के एक टि्वटर हैंडल से #BoycottMyntra के साथ लिखा गया कि ये सिर्फ एक विज्ञापन नहीं है, बल्कि ये हिन्दू धर्म व दुनिया भर में रह रहे हिन्दुओं का अपमान है। हमें इस बार स्पष्ट और ऊँचे स्वर में संदेश देने की आवश्यकता है – हिन्दू विरोधी प्रोपेगंडा को हम सहन नहीं करेंगे। हम इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि हिंदू धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।
@Joshshejal ट्विटर अकाउंट से लिखा गया कि, ‘बस अब बहुत हुआ। ये हिन्दू विरोधी गतिविधियों का उच्च-स्तर है। उन्होंने हमें और हमारी धार्मिक भावनाओं को ग्रांटेड ले लिया है। हम हमें उन्हें अपनी ताकत दिखानी है।’ @kangana_2021 टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि हिंदू विरोधियों का बहिष्कार ही एकमात्र उपाय है। इनका बहिष्कार करो यह अपने आप अपनी औकात में आ जाएंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि यह ग्राफिक स्क्रॉलड्राल ने 2016 में बनाई थी, उस समय भी इसको लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बवाल मचा था। जिसके बाद इस स्क्रॉलड्राल कंपनी ने सफाई देते हुए कहा था कि इस ग्राफिक में मिंट्रा की कोई भूमिका नहीं थी। स्क्रॉलड्राल ने यह ग्राफिक हटाते हुए माफी भी मांगी थी। वहीं मिंट्रा ने भी सफाई देते हुए कहा था कि उनका इस ग्राफिक से कोई लेना देना नहीं है।
