बिहार से एक हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक साल के बच्चे ने एक सांप को काट लिया और उसके टुकड़े चबाकर खा गया। घटना के बाद बच्चा जिंदा बच गया और सांप मर गया। इस घटना ने सभी को हैरत में डाल दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब मां ने बच्चे को देखा।

दरअसल, बिहार के गया में एक बच्चा अपनी छत पर खेल रहा था। तभी उसने एक सांप देखा। बच्चे की मां के अनुसार, मासूम को लगा कि सांप कोई खिलौना है। बच्चे अक्सर खिलौने को मुंह में डालकर काटने लगते हैं। इस बच्चे ने भी सांप को अपने हाथ में उठा लिया। वह सांप के साथ खेलने लगा। कथित तौर पर उसने सांप को काट लिया और उसके हिस्से के चबा लिया।

जब मां ने देखा तो वह सहम गई। बच्चे के पास मरा हुआ सांप था। उसके शरीर का हिस्सा कुचला हुआ था। हालांकि उसका बच्चा पूरी तरह ठीक था। किसी अनहोनी की आशंका में बच्चे के माता-पिता बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे ताकि उसे डॉक्टर को दिखाया जा सके।

डॉक्टर ने जब घटना का वीडियो देखा तो वे भी हैरान रह गए। वायरल वीडियो में एक शख्स को देखा जा सकता है जो डॉक्टर को अपने मोबाइल में कैद किए हुए वीडियो को दिखा रहा है। साथ ही मां अपने बच्चे को गोद में लिए हुए है। बच्चा पूरी तरह ठीक है और वीडियो में कैमरे की तरफ देख रहा है। वहां मौजूद शख्स बच्चे का मुंह खोलने की कोशिश कर रहा है। वहीं वीडियो में सांप को मरा हुआ दिखाया गया है। उसका हिस्सा कुचला हुआ है।

हालांकि इसके बाद बच्चे के परिजन को स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने बताया गया कि वह सांप बारिश के मौसम में निकलता है। वह जहरीला नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चा ठीक है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हमने इस वीडियो को इस खबर में शेयर नहीं किया है।

बता दें कि पिछले महीने जुलाई में, बिहार के रजौली में एक सांप ने एक शख्स को काट लिया। जिसके बाद शख्स ने भी सांप को दो बार काट लिया। उसे यकीन था कि ऐसा करने से जहर का असर खत्म हो जाएगा। इस घटना में सांप मर गया, जबकि शख्स को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद वह बच गया। यह घटना भी खूब वायरल हुई थी।