विवादित कथावाचक आसाराम नाबालिग से रेप के दोषी करार दिए गए हैं। मगर केंद्रीय मंत्री से लेकर कई नेता तक पूर्व में उनका महिमामंडन कर चुके हैं। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार कहा था कि आसाराम के पास दैवीय शक्तियां हैं। उनके साथ करिश्मा होते हैं। आपको बता दें कि बुधवार (25 अप्रैल) को जोधपुर कोर्ट ने आसाराम को 2013 के रेप केस में दोषी करार दिया। कोर्ट ने इसी के साथ उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।
आसाराम की सजा के बाद टि्वटर पर एक वायरल वीडियो सामने आया। राजनाथ इसी में विवादित कथावाचक की तारीफ करते नजर आ रहे थे। वह उस दौरान आसराम के किसी सत्संग में पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा था, “भारतीय संस्कृति में आस्था रखने वालों पर इस परमात्मा की असीम कृपा है। हेलीकॉप्टर से इतनी बड़ी दुर्घटना हुई, लेकिन आसाराम और उनके सहयोगियों का बाल भी बांका न हो सका। यह अगर परिणाम है तो मैं समझता हूं कि उनको जो दैवीय शक्ति मिली है। जिस परमात्मा ने उनके भीतर जो शक्ति समाहित की है, उसी का यह करिश्मा था।”
आसाराम पर फैसला-सजा LIVE: विवादित कथावचक को उम्रकैद, सजा सुन रोने लगा ‘बापू’
राजनाथ ने आगे बताया था, “मैंने इस प्रकार की दुर्घटना अपने जीवन में नहीं देखी थी। जिसने भी उस दुर्घटना को टीवी पर देखा होगा, सभी यह मान चुके थे कि कोई उसमें बचा नहीं होगा। लेकिन क्षण भर बाद ही ईश्वर की कृपा से वे सही-सलामत बाहर आए थे और आज हमारे सामने हैं।”
https://twitter.com/swamv39/status/989037215958396928
बकौल केंद्रीय मंत्री, “मैं जानता हूं इस सच्चाई को कि चाहे देश का कोई मुख्यमंत्री हो या प्रधानमंत्री हो। पूरी पार्टी को अगर उनके लिए कोई कार्यक्रम आयोजित करना हो तो उसके लिए इतना बड़ा जनसमूह नहीं जुटाया जा सकता, जितना कि आज एकजुट किया गया है।”
क्या था मामला?: गुजरात के गोधरा में 30 अगस्त 2012 को आसाराम का हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुआ था। हेलीकॉप्टर सीधे आकर जमीन पर गिरा था, जिसके बाद इस दुर्घटना में किसी की भी जान बचने की संभावना नहीं थी। मगर आसाराम और उनके पांच अन्य सहयोगी बिल्कुल सही-सलामत तब बच गए थे। आसाराम ने अपने समर्थकों के साथ तब मोरवी से उड़ान भरी थी। उन्हें गोधरा में होने वाले सत्संग में पहुंचना था।