मुंबई की लोकल ट्रेन में एक शख्स ने हस्त निर्मित वाद्ययंत्र से श्रीदेवी की फिल्म ‘चांदनी’ का एक गाना बजाकर यात्रियों को जज्बाती कर दिया। शख्स ने फिल्म चांदनी के गाने ‘तेरे मेरे होठों पे…’ पर वाद्ययंत्र के तार छेड़े तो उससे निकले संगीत से यात्रियों के दिल झन्ना उठे और उनके रोंगटे खड़े हो गए। ट्विटर पर वरुण नाम के यूजर ने शख्स का वीडियो शेयर किया है, जो कि वायरल हो रहा है। वरुण ने हालांकि वीडियो में वाद्ययंत्र को सारंगी लिखा है, लेकिन उसके ट्वीट पर कुछ लोग उसे ‘ravanahatha’ (रावणहता) बता रहे हैं। वरुण ने ट्वीट में लिखा- ”तो पिछली रात भीड़ से खचाखच भरी बोरीवली की लोकल ट्रेन में प्रकाश ने हस्त निर्मित सारंगी से गाना बजाना शुरू किया। जल्द ही लोगों को पता चल गया कि वह गाना बजाकर श्रीदेवी को श्रद्धांजलि दे रहा था। रौंगठे खड़े हो गए।” खबर लिखे जाने तक इस वीडियो वाले ट्वीट को ढाई हजार यूजर लाइक कर चुके थे और 869 लोगों ने इसे रीट्वीट किया था।
So last night in the crowded Borivali local, Prakash with his hand-made Sarangi started playing ‘Tere mere honthon par’. Soon many of us in the bogey realised he’s giving a medley-tribute to #Sridevi. Goosebumps followed. pic.twitter.com/qJr2HTgaWF
— वरुण (@varungrover) March 1, 2018
चार दर्जन से ज्यादा लोग इस वीडियो पर कमेंट कर चुके थे। वरुण ने यह ट्वीट बुधवार (28 फरवरी) को किया था। बता दें कि श्रीदेवी की मौत के बाद उनके फैन्स के बीच खासी उदासी छाई हुई है। लोग शोक में हैं। श्रीदेवी को लेकर सोशल मीडिया भरा हुआ है। उनसे संबंधित कई वीडियो ट्रेंड भी कर रहे हैं।
प्रकाश ने जिस गाने को रावणहता के जरिये बजाया, उसे सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर और बावला मेहता ने गाया था। गाने के बोल लिखे थे आनंद बख्शी ने और संगीत शिव-हरि ने दिया था। गाने में श्रीदेवी के साथ रिषी कपूर फिल्माए गए थे। गाने की लोकेशन मन लुभावनी रखी गई थी, जिसमें पेड़-पहाड़ और नदी नजर आते हैं। दर्शकों ने इस फिल्म के सारे गाने पसंद किए थे। फिल्म चांदनी श्रीदेवी के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक थी।

