दिल्ली से लंदन गैटविक एयरपोर्ट (एलजीडब्ल्यू) जाने वाली एयर इंडिया बोइंग 787 ड्रीमलाइनर उड़ान के केबिन में पानी रिसाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि लीकेज से पानी टपक रहा है और यात्रियों को सीट छोड़कर दूसरे स्थान पर जाना पड़ा है। वीडियो पर लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए आक्रोश व्यक्त किया है।

पानी के रिसाव होने के बाद यात्री अपनी सीट छोड़कर गैलरी में खड़े हो गए, तो वहीं कुछ यात्री इस घटना का वीडियो बनाने लगे। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि क्रू मेंबर्स पानी के रिसाव को कम करने और रोकने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन यह सिलसिला काफी देर तक चलता रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

29 नवंबर को पोस्ट किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे सात लाख से अधिक लोगों ने देखा है जबकि 5,000 से अधिक लोगों ने लाइक किया है। वीडियो पर बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी हैं।

एक ने लिखा, टयह एक तकनीकी गड़बड़ी है। किसी भी एयरलाइन के साथ ऐसा हो सकता है। ऐसा लगता है कि एयरलाइन को बदनाम करने के लिए वीडियो का प्रचार करने वालों की तुलना में यात्री अधिक सहज हैं।’ वहीं एक ने लिखा, ‘जबसे एयर इंडिया को टाटा ने अधिग्रहित किया है तब से फ्री पानी और सावर भी मिलने लगा है।’

एक अन्य ने लिखा, ‘क्या आप गंभीर हैं? एयर इंडिया का लाइसेंस अभी तक रद्द क्यों नहीं किया गया? क्या IATA सुरक्षा मानदंडों के अनुसार भी इसकी अनुमति है?’ एक ने लिखा, ‘यह एक तकनीकी खराबी हो सकती है। इसको लेकर यात्रियों से ज्यादा आक्रोशित सोशल मीडिया यूजर्स कर रहे हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘यात्रियों की जान साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।’