महाराष्ट्र सरकार अहमदनगर जिले का नाम बदल कर अहिल्या नगर कर दिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अहिल्या देवी होलकर की 298वीं जयंती के मौके पर यह बड़ा ऐलान किया है। इस कार्यक्रम में देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे मौजूद थे। सीएम शिंदे ने कहा, यह हमारा सौभाग्य है कि नाम बदलने का फैसला हमारे कार्यकाल में लिया जा रहा है।
क्या बोले सीएम एकनाथ शिंदे?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं और देवेंद्र फडणवीस इस समारोह के साक्षी बने। नाम बदलने से शहर की प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। हमारी सरकार है जो आम आदमी को न्याय देने वाली सरकार है। सोशल मीडिया पर लोग इस पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
@Chandrakant8855 यूजर ने लिखा, “ढोंग की भी हद होती है क्या शहर का नाम बदलने से महापुरुषों के विचार फैलेंगे? क्या राजनीतिक स्वार्थ के लिए शहरों के नाम बदलने से इतिहास बदल जाएगा? क्या शहरों के नाम बदलने से विकास होगा?” एक यूजर ने लिखा, “महंगाई कम करने का दावा कर वोट मांगते हैं, सरकार बनने के बाद वह जिलों के नाम बदलते हैं, क्या इससे विकास हो जायेगा?”
एक यूजर ने लिखा, “21 तोपों की सलामी, अब तक कितनी सरकारें आईं लेकिन किसी की हिम्मत नहीं थी, आपने कर दिखाया, मैं आपका बहुत आभारी हूं।” एक अन्य यूजर ने लिखा कि अब जिले के लोग धनकुबेर बन जायेंगे, विकास की धारा बहने लगेगी। @Shubham2300 यूजर ने लिखा, “नाम बदलने से कोई फर्क नहीं पड़ता। न लोगों को नौकरी मिलेगी, न गैस के दाम घटे, न पेट्रोल के दाम घटेंगे। बस नाम बदलने से क्या होगा?”
महाराष्ट्र में अगले साल चुनाव का है, लोकसभा और विधानसभा के अहम चुनाव होने हैं। ऐसे में शिंदे- बीजेपी सरकार भी हर तरह से जनता का समर्थन जुटाने के प्रयास में लगी हुई है। चुनाव से पहले सरकार के इस फैसले पर जमकर राजनीति होने का अंदेशा है। इस मामले को लेकर विपक्ष सरकार का विरोध कर सकता है।