हरियाणा और महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। इस चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप अपने चरम पर है। मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक में चुनाव में हिस्सा ले रही पार्टिंयां एक दूसरे पर जुबानी हमले कर रही है। ऐसा ही कुछ हुआ एक टीवी डिबेट शो में जहां बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा से जब कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि गांधी को मानते हो तो नाथूराम गोडसे मुर्दाबाद बोलो। जवाब में संबित ने उन्हीं पर निशाना साधते हुए चैलेंज कर दिया कि सरदार हो तो राजीव गांधी मुर्दाबाद बोलो। इस डिबेट शो में कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सापरा और संबित पात्रा के बीच काफी तीखी बहस देखने को मिली।
हिंदी न्यूज चैनल आज तक पर आगामी चुनावों के मद्देनजर एक लाइव डिबेट शो का आयोजन किया गया था। शो में संबित पात्रा और चरण सिंह सापरा अपनी-अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए एक दूसरे पर शब्द बाण चला रहे थे। डिबेट में अचानक संबित पात्रा महात्मा गांधी का जिक्र करने लगे।
बीजेपी प्रवक्ता के मुंह से गांधी का नाम सुन चरण सिंह सापरा कहने लगे कि आप लोगों की पार्टी कब से गांधी को मानने लगी..और अगर गांधी से प्यार है तो बोल के दिखाओ- नाथूराम गोडसे मुर्दाबाद। संबित पात्रा कांग्रेस प्रवक्ता के चैलेंज पर पहले तो चुप रहे फिर उन्होंने बोल दिया कि नाथूराम गोडसे मुर्दाबाद।
गोडसे मुर्दाबाद कहने के बाद संबित पात्रा चरण सिंह पर जवाबी हमला बोलते हुए कहने लगे कि अब आप बोल कर दिखाओ- राजीव गांधी मुर्दाबाद। संबित ने सापरा से कहा कि जिस राजीव गांधी पर इतने सारे सिखों की हत्या का आरोप है उसकी मुर्दाबाद के नारे लगा कर दिखाओ। संबित यहीं नहीं रुके और ये भी कहने लगे कि अगर असली सरदार हो तो राजीव गांधी मुर्दाबाद बोल कर दिखाओ।
बता दें कि चरण सिंह सापरा सिख समुदाय से आते हैं। चरण सिंह पगड़ी भी बांधते हैं। संबित के चैलेंज का सापरा ने तीखे अंदाज में विरोध किया। दोनों के बीच ये बहस काफी आक्रामक होता देख शो के एंकर को बीच बचाव करना पड़ा।