पनामा से अमेरिका जा रहे एक जहाज के टॉयलेट में बम जैसा वस्तु मिलने पर लोगों की सांसे अटक गईं। एक घंटे की उड़ान भर चुके इस जहाज को आनन फानन में लैंड करने का निर्देश दिया गया। इस जहाज की इमरजेंसी लैंडिंग हुई और यात्रियों को बाहर निकाला गया। जहाज की जांच की गई और निकला ऐसा सामान जिस जान लोग मुस्कुरा पड़े।
कोपा एयरलाइंस की एक उड़ान पनामा सिटी से टाम्पा, फ्लोरिडा (यूएस) के लिए रवाना हुई थी। इस जहाज में संदिग्ध बम मिलने की सूचना के बाद वापस लैंड करने के लिए कहा गया। इस जहाज को पनामा सिटी के टोक्यूमेन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया, विमान में सवार 144 यात्रियों को बाहर निकाला गया। विमान की गहन जांच करने के लिए एक विशेष विस्फोटक विरोधी टीम को लाया गया।
जहाज की हुई तलाशी तो निकला व्यस्क डायपर
टोक्यूमेन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा टीम और एंटी बम स्क्वायड ने विमान की सावधानीपूर्वक तलाशी ली, लेकिन पता चला कि जिस चीज को देखकर इतना बवाल हुआ वह नहीं एक व्यस्क डायपर था। यह जानकर हर कोई हैरान था कि कैसे एक डायपर को लोगों ने बम समझ लिया और एक घंटे उड़ान भर चुके जहाज को वापस लैंड करना पड़ा।
इस घटना के बारे में खुद पनामा की राष्ट्रीय पुलिस ने इस संबंध में एक ट्वीट किया और बताया कि एक संदिग्ध वस्तु मिलने पर जहाज की जांच की तो पाया गया कि उसमें एक व्यस्क डायपर था। पुलिस ने डायपर की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
हालांकि यह पहली बार नहीं है कि शौचालय में छोड़ी गई किसी वस्तु को गलती से बम समझ लिया गया हो। 2015 में, पेरिस जाने वाली एयर फ्रांस की एक उड़ान को कार्डबोर्ड, कागज की शीट और टाइमर से बनी एक वस्तु के विस्फोटक समझ लेने के बाद डायवर्ट कर दिया गया था।