आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को नमूना बताकर ट्रोल्स के शिकार हो गए। आशुतोष ने बिप्लब देब पर आधारित एक खबर का लिंक ट्वीट किया, जिसमें लिखा- ”गुरु ये तो बता दो कि बीजेपी ये नमूना लाई कहां से? आरएसएस/बीजेपी में इतनी भयानक प्रतिभायें होंगी ये तो पता ही नहीं था! मैं तो उन अफसरों की सोच रहा हूं जो इनको रिपोर्ट करते होंगे!” आशुतोष के ट्वीट के पर ज्यादातर यूजर्स भी कमेंट्स में भाषा की मर्यादा का ख्याल नहीं रख पाए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनका मजाक उड़ाने लगे। कुछ लोगों ने इसी बहाने दिल्ली के मुख्मंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। कुछ लोगों ने कमेंट्स में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तक का नाम घसीट लिया। बता दें कि बिप्लब देब इन दिनों अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं। बता दें कि बिप्लब देब ने शुक्रवार (27 अप्रैल) को सिविल सर्विस डे के मौके पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए कहा था- ”पुराने समय में मानवता की पृष्ठभूमि रखने वाले लोग अमूमन सिविल सेवा परीक्षा में बैठते थे, यहां तक की डॉक्टर्स और इंजीनियर्स भी इसके लिए आवेदन करते हैं।” उन्होंने आगे कहा था- ”मैकेनिकल इंजीनियर्स को सिविल सेवाएं नहीं चुनना चाहिए लेकिन सिविल इंजीनियर्स को सिविल सेवा परीक्षाएं चुनना चाहिए।”

बिप्लब देब ने इससे पहले दो और विवादित बयान दिए थे। उन्होंने पिछले दिनों कहा था कि महाभारत काल में इंटरनेट और सैटेलाइट काम करते थे। इसके लिए उन्होंने महाभारत के पात्र संजय का उदारण दिया था जो कौरवों के राज धृतराष्ट्र को बिना कहीं गए कुरुक्षेत्र में हुए युद्ध की सारी घटनाएं बता रहा था।

बिप्लब देब के इस बयान को लेकर आलोचनाओं की बाढ़ थमी ही नहीं थी कि उन्होंने पूर्व विश्व सुंदरी डायना हेडन को लेकर विवादित बयान दे दिया। बिप्लब देव ने कहा कि डायना हेजन विश्व सुंदरी के ताज के लायक नहीं थीं। बिप्लब देब ने सौंदर्य प्रतियोगिताओं की विश्वस्यनीयता पर सवाल खड़ा किया था और डायना हेडन पर विवादित बयान देने के साथ ही ऐश्वर्या राय की तारीफ की थी। ़