मन की शांति और सुकून के लिए लोग न जाने क्या-क्या करते हैं। कोई पहाड़ों में जाता है तो कोई मोह माया से खुद को दूर रखकर शांति और सुकून खोजने की कोशिश करता है, लेकिन हकीकत यह है कि असली शांति और सुकून ईश्वर की भक्ति और उनके चरणों में ही मिलती है। कुछ ऐसा ही संदेश इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस प्यारे से वीडियो ने दिया है। इस वीडियो में एक बंदर को भगवान शिव की मूर्ती पर सुकून के पल बिताते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
वीडियो बनाने वाली लड़की का रिएक्शन भी वायरल
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बंदर बड़े आराम से भगवान शिव की मूर्ति पर आराम फरमा रहा है। बंदर को भगवान की गोद में सोता हुआ देखा जा सकता है। एक लड़की ने इस अद्भुत दृश्य को अपने फोन के कैमरे में रिकॉर्ड किया है। वीडियो में लड़की का रिएक्शन भी देखने लायक है। इस वीडियो ने उन लोगों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया जो आस्था में विश्वास नहीं करते। ऐसे लोगों के लिए यह वीडियो उदाहरण है कि ईश्वर के चरणों में खुद को समर्पित करके ही आप सुकून और शांति प्राप्त कर सकते हैं।
60 लाख से अधिक यूजर्स ने देख लिया वीडियो
इस दृश्य को देखना ही अपने आप में बहुत अच्छा महसूस करने के बराबर है। वीडियो देखकर लगता है कि जानवर भी भगवान की शक्ति को महसूस करते हैं। ऐसा लगता है जैसे बंदर खुद को भगवान शिव जी के चरणों में समर्पित कर रहा है और भगवान भोलेनाथ ने बंदर को अपनी गोद में सुला रखा हो। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 23 दिसंबर को informed.in नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 60 लाख से अधिक यूजर्स ने देख भी लिया है।
वायरल वीडियो पर यूजर्स के रिएक्शन भी पढ़ने लायक हैं। लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे। एक यूजर ने कमेंट कर लिखा है- हर जीवात्मा को पता है कि अंत में वहीं है जो है। एक और अन्य यूजर ने लिखा है कि यूं ही इन्हें पशुपतिनाथ नहीं कहा जाता।
