पब्लिक ट्रांसपोर्ट में अभी तक लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन एक लड़के के शोषण की घटना ने हमें सोचने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक अभिषेक नाम के लड़के ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट में अपनी एक यात्रा का अनुभव साझा किया है। इस अनुभव में उस लड़के ने बताया है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति ने चलती बस में उसका शोषण किया। उस बुजुर्ग व्यक्ति की उम्र लगभग 70 साल के करीब थी। पीड़ित लड़के ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी साझा किया है। हालांकि जनसत्ता इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता, क्योंकि कुछ लोगों ने वीडियो पर सवाल भी खड़े किए हैं।
चलती बस में बुजुर्ग ने छूना चाहा प्राइवेट पार्ट!
वायरल वीडियो में नजर आ रहे लड़के ने बताया है कि एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बस में उसके साथ ऐसी घटना हुई जिसने उसे अंदर से झकझोर दिया। लड़के ने बताया कि उसकी साथ वाली सीट पर बैठे एक बुजुर्ग व्यक्ति ने चलती बस में उसके प्राइवेट पार्ट को छूने की कोशिश की। पीड़ित ने बुजुर्ग व्यक्ति की इस हरकत को कैमरे में रिकॉर्ड भी कर लिया और उसके बाद उस बुजुर्ग व्यक्ति को झाड़ भी लगाई।
‘उम्र या जेंडर तक सीमित नहीं छेड़छाड़’
वायरल वीडियो में नजर आ रहे लड़के ने आरोप लगाया है कि एक बुज़ुर्ग आदमी ने कथित तौर पर उसे गलत तरीके से छुआ। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि उन्हें इस तरह की घटना का कभी सामना करना पड़ेगा। अभिषेक ने बताया कि इस घटना ने उन्हें यह सिखाया कि हैरेसमेंट उम्र या जेंडर तक सीमित नहीं है। उन्होंने वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि लड़के भी हमेशा सुरक्षित नहीं हैं। इसको लेकर जागरूकता फैलाने का समय है।
बाद में कंडक्टर ने उस बुजुर्ग को बस से नीचे उतारा
वीडियो में अभिषेक ने उस घटना का क्लिक भी शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति पीड़ित को गलत तरीके से छूता दिख रहा है। पीड़ित लड़के ने पहले तो इस घटना को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और उसके बाद इस पर आपत्ति उठाई। अभिषेक ने पहले तो उस बुजुर्ग को खरी-खोटी सुनाई और उसके बाद वह वीडियो कंडक्टर को दिखा दिया जिसके बाद उस बुजुर्ग व्यक्ति को तुरंत बस से नीचे उतार दिया गया। इस वीडियो ने इंटरनेट पर एक बहस को छेड़ दिया है।
अभिषेक के आरोपों को लेकर इंटरनेट पर टकराव
इस वायरल वीडियो पर अधिकतर यूजर्स ने अभिषेक का समर्थन किया है। हालांकि कुछ लोग इस वीडियो को स्क्रिप्डेट भी बता रहे हैं। कुछ यूजर्स ने इस बात पर आपत्ति दर्ज कराई है कि वह वीडियो में बुजुर्ग व्यक्ति का चेहरा क्यों छुपाया गया है? आरोपी की उम्र कोई भी हो उसकी इस हरकत को छिपाने के लिए उसका चेहरा छिपाना सही नहीं है। गलत व्यवहार के लिए आवाज उठानी चाहिए।
