अमेज़न और मेटा ने मंगलवार को एक नई साझेदारी का ऐलान किया है। इस नई पार्टनरशिप के तहत टीवी के ललिए एक नया इंस्टाग्राम ऐप (Instagram App For TV) लॉन्च किया है। इस नए ऐप के जरिए अब यूजर्स बड़ी स्क्रीन पर ही Reels शेयर करने के साथ ही देख भी पाएंगे। कंपनी ने बताया कि नया ऐप अब चुनिंदा Fire TV डिवाइसेज के लिए उपलब्ध है। इसे Amazon Appstore से डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप में मल्टीपल अकाउंट के लिए सपोर्ट मिलता है। यूजर्स अपने इंट्रेस्ट के आधार पर शॉर्ट टर्म वीडियो देखने के अलावा शेयर और लाइक कर सकते हैं। इस ऐप में यूजर्स कॉन्टेन्ट क्रिएटर्स के साथ-साथ दूसरे यूजर्स को सर्च कर सकते हैं।
आपको बता दें कि कई सालों से इंस्टाग्राम रील्स (Instagram Reels) स्मार्टफोन्स तक सीमित है। लेकिन अब टीवी ऐप के लॉन्च होने के साथ नया बदलाव होने जा रहा है। पहली बार इंस्टाग्राम कॉन्टेन्ट को बड़ी स्क्रीन के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
Fire TV के लिए Instagram TV ऐप एकदम मोबाइल जैसा एक्सपीरियंस ऑफर करता है। इसमें पोर्ट्रेट फॉर्मेट में Reels दिखाए जाते हैं और स्क्रीन के दोनों ओर काले साइड बार होते हैं। यूजर्स म्यूजिक, खेल, ट्रैवल और ट्रेंडिंग सब्जेक्ट जैसे इंट्रेस्ट-बेस्ड चैनलों में ऑर्गनाइज़्ड कॉन्टेन्ट को स्क्रॉल कर सकते हैं।
यह ऐप यूजर्स को लॉग इन करने की सुविधा भी देता है जिससे वे क्रिएटर्स को सर्च सकते हैं। और उनके प्रोफाइल एक्सप्लोर कर सकते हैं। इसके साथ ही Reels को लाइक करना, कमेंट पढ़ना और फीडबैक देना भी संभव है।
YouTube को टक्कर देने की तैयारी
आप यह सोच रहे होंगे कि आखिर Meta ने Instgram Reels को बड़ी स्क्रीन के लिए क्यों लॉन्च किया है जबकि शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म को खासतौर पर स्मार्टफोन्स के लिए डिजाइन किया गया है। Reels के लिए शायद सबसे बड़ा खतरा पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ रही YouTube की लोकप्रियता है। यूजर्स YouTube पर न सिर्फ विभिन्न क्रिएटर्स के लंबे कॉन्टेन्ट देखने के लिए लॉग इन करते हैं, बल्कि Shorts देखने के लिए भी आते हैं। YouTube Shorts एक मिनट से कम अवधि के वीडियो होते हैं, जिन्हें TikTok को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है।
आंकड़ों से पता चलता है कि YouTube सबसे ज्यादा देखे जाने वाली स्ट्रीमिंग सर्विस और सबसे पॉप्युलर पॉडकास्ट प्लेटफॉर्म बन चुका है। दरअसल, Google के स्वामित्व वाले YouTube को अमेरिका में टीवी पर सबसे लोकप्रिय स्ट्रीमिंग सर्विस में टॉप रैंक मिली है और इसने पारंपरिक केबल टीवी नेटवर्क्स को भी पीछे छोड़ दिया है। यही कारण है कि अब इस प्लेटफ़ॉर्म पर Netflix, Disney+ या Amazon Prime Video से भी ज़्यादा दर्शक टीवी के ज़रिए आते हैं। यह अपने आप में दिखाता है कि इंटरनेट किस तरह लगातार टेलीविज़न और लोगों के देखने की आदतों को नया रूप दे रहा है।
2022 से YouTube ने अपने अपडेटेड टीवी ऐप्स के ज़रिए बड़ी स्क्रीन पर भी Shorts दिखाने की सुविधा देना शुरू कर दी है।
क्या भारत में टीवी पर Instagram Reels देखी जा सकती है?
फिलहाल ऐप को यूएस में लॉन्च किया जा रहा है और सिर्फ Amazon Fire TV डिवाइसेज पर ही उपलब्ध है। अगर आप अमेरिका में रहते हैं तो आप Amazon Appstore से Instagram for TV ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि ऐप Fire TV Stick HD, Fire TV Stick 4K Plus, Fire TV Stick 4K Max (1st और 2nd Gen), Fire TV 2-Series, Fire TV 4-Series और Fire TV Omni QLED Series के लिए उपलब्ध है।
फिलहाल भारत में Instagram Reels के टीवी पर आने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन उम्मीद है कि देश में जल्द इस ऐप को लॉन्च किया जाएगा। बता दें कि मेटा और अमेज़न दोनों के लिए भारत एक जरूरी मार्केट है। दुनिया में सबसे ज्यादा 480 मिलियन इंस्टाग्राम यूजर्स भारत में हैं। अमेज़न ने भी देश में अपनी Fire TV स्टिक की मार्केटिंग देश में जोरशोर से शुरू की है। लगभग तय है कि Instagram, YouTube से बेहतर मुकाबला करने के लिए इस ऐप को अन्य डिवाइसों तक एक्सपेंड करेगा और Amazon Fire TV के अलावा अन्य विकल्प भी तलाशेगा।
