Fastest Mobile Internet Speeds in 2024: क्या आप जानते हैं कि दुनियाभर में अक्टूबर 2024 में कुल 5.52 बिलियन लोग इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे थे। जी हां, पिछले 12 महीनों इंटरनेट यूजर्स की संख्या में 151 मिलियन का इजाफा हुआ है। DataReportal ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में इस जानकारी का खुलासा किया है।
दुनियाभर में दूर बैठे लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने वाला इंटरनेट आज हम सबकी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन गया है। अन्य डिजिटल डिवाइसेज के अलावा, स्मार्टफोन्स/मोबाइल फोन्स से हम सबसे ज्यादा इंटरनेट से कनेक्ट रहते हैं। दुनियाभर में इंटरनेट की पहुंच और जरूरत तेजी से बढ़ रही है।
साल 2023 के आखिर तक दुनिया की करीब 58 फीसदी आबादी मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल कर रही थी। GSMA की रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 तक सिर्फ 2.1 बिलियन लोग इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे थे जबकि 2023 में यह आंकड़ा 4.7 बिलियन पहुंच गया।
इसी तरह, मोबाइल इंटरनेट कनेक्शन की स्पीड में भी लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। DataReportal की रिपोर्ट में यह जानकारी बताई गई है कि एक टिपिकल मोबाइल यूजर आमतौर पर 55.8 Mbps की डाउनलोड स्पीड एन्जॉय करता है यानी पिछले साल की तुलना में डाउनलोड स्पीड करीब 30 फीसदी तक बढ़ गई है।
खास बात है कि दुनिया के करीब 17 देशों के लोग 100Mbps से ज्यादा की स्पीड एक्सपीरियंस कर रहे हैं।
2024 में सबसे ज्यादा मोबाइल इंटरनेट स्पीड ऑफर करने वाले 10 देश
गौर करने वाली बात है कि दुनिया में सबसे ज्यादा फास्ट इंटरनेट स्पीड मिडिल ईस्ट और एशियाई देशों में मिलती है। वहीं यूनाइटेड स्टेट्स और बाकी अमेरिकी देशों में औसत मोबाइल स्पीड से थोड़ी ज्यादा स्पीड पर इंटरनेट मिलता है।
दुनिया में सबसे ज्यादा फास्ट मोबाइल डाउनलोड स्पीड ऑफर करने के मामले में UAE नंबर सबसे आगे है। यहां की राजधानी में इंटरनेट स्पीड करीब 100 गुना तक बढ़ गई है और आने वाले सालों में यहां इंटरनेट स्पीड तीन गुना होने की उम्मीद है।
साल 2012 में यूएई के इंटरनेट पावरहाउस बनकर उभरा और यहां डिजिटल इन्वेस्टमेंट में जमकर निवेश हुआ।
बात करें दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था यानी यूनाइटेड स्टेट्स की तो सबसे तेज इंटरनेट देने के मामले में यह 13वें नंबर पर है। और यह कई हाई-इनकम देशों से पीछे हैं।
Speedtest Global Index ने नवंबर 2024 में सबसे तेज मोबाइल इंटरनेट स्पीड ऑफर करने वाले देशों की लिस्ट जारी की है।
देखें सबसे फास्ट मोबाइल इंटरनेट स्पीड वाले टॉप-10 देश:
रैंक | देश | स्पीड (मेगाबाइट प्रति सेकेंड Mbps) |
1. | यूनाइटेड अरब अमीरात | 442 |
2. | कतर | 358 |
3. | कुवैत | 264 |
4. | बुल्गारिया | 172 |
5. | डेनमार्क | 162 |
6. | दक्षिण कोरिया | 148 |
7. | नीदरलैंड्स | 147 |
8. | नॉर्वे | 145.74 |
9. | चीन | 139.58 |
10. | लग्जमबर्ग | 134.14 |
Speedtest Global Index में भारत किस नंबर पर
भारत में फिलहाल करीब 900 मिलियन इंटरनेट यूजर्स हैं और चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ऑनलाइन मार्केट है। तेजी से होता इंटरनेट का विस्तार और कोशिशों के बीच अभी भी भारत में सिर्फ 50 फीसदी आबादी तक ही इंटरनेट की पहुंच है। Statista के मुताबिक, यह ग्लोबल एवरेज से कम है।
इंडेक्स के मुताबिक, सबसे तेज इंटरनेट देने के मामले में भारत 25वें नंबर पर है। यहां औसत डाउनलोड स्पीड 100.78 Mbps और अपलोड स्पीड 9.08Mbps है। जबकि लैटेंसी रेट 30 ms है।
Ookla के Speedtest Global Index के मुताबिक, पाकिस्तान में औसत मोबाइल डाउनलोड स्पीड 19.59Mbps है। वहीं ब्रॉडबैंड डाउनलोड स्पीड 15.52 Mpbps है। बता दें कि साल 2023 में पाकिस्तान को दुनिया में सबसे धीमी इंटरनेट स्पीड ऑफर करने वाले देशों में शामिल किया गया था।