Nokia 2660 Flip launched: पिछले कुछ सालों में नोकिया लगातार स्मार्टफोन मार्केट में अपनी पैठ बनाने की कोशिश में है। नोकिया का लाइसेंस HMD Global के पास है और कंपनी बजट से लेकर प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन भी लॉन्च कर रही है। लेकिन सबसे ज्यादा कामयाबी फिनलैंड की इस कंपनी को फीचर फोन मार्केट में मिली है। कुछ महीनों पहले ही नोकिया ने अपने Nokia 2660 Flip फोन को रीलॉन्च किया था। इस फोन को दो नए वाइब्रेंट कलर्स- पॉप पिंक और लश ग्रीन कलर में उपलब्ध कराया गया था। और अब भारत में भी नोकिया 2660 फ्लिप को नए रंगों में उपलब्ध करा दिया गया है।
Nokia 2660 Flip फीचर्स
नए कलर्स में लॉन्च हुए नोकिया 2660 फ्लिप फोन की डिजाइन और स्पेसिफिकेशन्स ओरिजिनल वेरियंट वाले ही हैं। नए फोन को 4G केक्टिविटी और डुअल डिस्प्ले सेटअप के साथ उपलब्ध कराया गया है। Nokia 2660 Flip में 2.8 इंच प्राइमरी और 1.77 इंच सेकेंडरी स्क्रीन मिलती है। इस फोन में 0.3 मेगापिक्सल रियर कैमरा है जो एलईडी फ्लैश के साथ आता है। नोकिया के इस फीचर फोन में ब्लूटूथ 4.2 सपोर्ट मिलता है। हैंडसेट में Unisoc T107 चिपसेट दिया गया है। डिवाइस को वायरलेस एफएम रेडियो और MP3 प्लेयर के साथ उपलब्ध कराया गया है।
Nokia 2660 Flip फोन को पावर देने के लिए 1450mAh की बैटरी दी गई है जिससे करीब एक हफ्ते तक का स्टैंडबाय टाइम मिलने का दावा किया गया है। नोकिया के फोन में एक इमरजेंसी बटन भी है जिसके जरिए यूजर्स इमरजेंसी की स्थिति में 5 कॉन्टैक्ट तक को एक बटन प्रेस करके कॉल लगा सकते हैं।
नोकिया 2660 फ्लिप फोन हीयरिंग एड्स (HAC) भी सपोर्ट करता है यानी जो लोग सुनने में अक्षम हैं वो इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। Nokia 2660 Flip को लेकर कंपनी का कहना है कि इसे 10000 फ्लिप साइकल के साथ टेस्ट किया गया है।
Nokia 2660 Flip कीमत
जैसा कि हमने बताया कि नोकिया 2660 फ्लिप फोन अब पॉप पिंक और लश ग्रीन कलर में खरीदने के लिए उपलब्ध है। हैंडसेट की बिक्री 24 अगस्त से शुरू होगी। फोन को ऐमजॉन इंडिया और नोकिया की वेबसाइट से 4,699 रुपये में खरीदा जा सकता है।