इंटरनेट जानकारी का सागर है.. ये पंक्ति आपने अकसर सुनी होगी। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये जानकारी आती कहां से है? अगर आपको नहीं पता है तो हम आपको बता देते हैं। दरअसल, हम जब भी किसी विषय के बारे में इंटरनेट पर सर्च करते हैं तो सर्च इंजन विभिन्न वेबसाइट और ब्लॉग से इस जानकारी को खोजकर आप तक लाता है। इंटरनेट पर करोड़ों की संख्या में ब्लॉग हैं और हर दिन लाखों की संख्या में इन ब्लॉग पर नई-नई पोस्ट आती हैं। अब आपके मन में यह सवाल जरूर उठ रहा होगा कि क्या मैं भी अपना ब्लॉग बना सकता हूं? तो इस सवाल का जवाब है, हां। आप अपना ब्लॉग बना सकते हैं और वो भी बिलकुल मुफ्त। आज हम आपको ब्लॉग बनाने की पूरी प्रक्रिया समझाएंगे।
सबसे पहले आपको ब्लॉगर डॉट कॉम वेबसाइट पर जाना होगा। यहां पर आपको अपनी जीमेल आइडी से लॉगइन करना होगा। अगर आपके पास जीमेल आइडी नहीं है तो उसे बना लीजिए। लॉगइन करने के बाद वहां आपको ‘क्रिएट न्यू ब्लॉग’ का विंडो दिखाई देगा या फिर बार्इं दिशा में ‘न्यू ब्लॉग’ का बटन होगा, जिसे आपको दबाना होगा।
इसके बाद आपको यहां पर ब्लॉग का शीर्षक डालना होगा। ये आपके ब्लॉग का नाम होगा। इसके बाद आपको ‘नेक्स्ट’ बटन दबाना होगा। अगले कदम पर आपको अपने ब्लॉग का पता चुनना होगा। यह बिलकुल अलग होना चाहिए। इससे अगली स्क्रीन पर आपको ‘डिस्प्ले नेम’ देना होगा। यह आपके प्रोफाइल का नाम है। इसके बाद आपको ‘फिनिश’ का बटन दबाना होगा। इसके बाद आपका ब्लॉग बनकर तैयार हो गया। अब आप ब्लॉगिंग की दुनिया में आ चुके हैं। अब आप अपनी पहली पोस्ट लिख सकते हैं। ब्लॉगिंग आप किसी भी भाषा में कर सकते हैं। अच्छा होगा कि आप वह भाषा चुनें जिसमें आप बेहतर तरीके से अपनी बात लोगों को समझा सकते हैं।
ब्लॉग पोस्ट में लेख के अलावा आप फोटो और वीडियो भी साझा कर सकते हैं। आप जितना अधिक इस ब्लॉग को सुंदर बना सकते हैं, बनाएं और अपने पसंद के विषयों से लोगों को रूबरू करना शुरू करें।

