Google Maps पर मुख्य सड़कें तो हमेशा दिखाई देती हैं लेकिन कई बार कुछ छोटी सड़कों के निशान मिसिंग रहते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए गूगल मैप्स जल्द ही नया अपडेट जारी करने वाला है, जिससे यूजर्स गूगल मैप्स में एडिट करके नई सड़कों को निशान बना सकेंगे और गलत जानकारी को मिटा उसे ठीक भी सकें।
Google ने अपने ब्लॉग में एक नई जानकारी साझा की है, जिसमें बताया गया है कि जल्द ही गूगल मैप्स के लिए ड्राइंग का टूल्स जारी किया जाएगा। गूगल ने drawing नाम से पोस्ट किया है और यह टूल माइक्रोसॉफ्ट के पेंट टूल की तरह ही होगा। गूगल मैप्स जल्द ही 80 देशों में इसे जारी करेगी। कंपनी इस फीचर को इसलिए तैयार कर रही है क्योंकि बहुत से देशों में कई स्थानों की सड़कें मैप पर नहीं है। ऐसे में कई बार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
Google Maps:कंप्यूटर पर ही चलेगा टूल
गूगल मैप्स का यह एडिटिंग टूल कंप्यूटर के लिए जारी होगा। अगर आपके आसपास की कोई सड़क गूगल मैप्स पर मिसिंग है तो आप उसे ड्रॉ कर सकेंगे। इतना ही नहीं इलाके, स्थान या फिर कॉलोनी के नाम की गलत जानकारी दी गई है, तो उसे भी ठीक कर सकेंगे। हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि इसके लिए क्या-क्या शर्ते होंगी।
Google Maps पर सात दिन बाद अपडेट होगी जानकारी
गूगल ने अपने यूजर्स को परेशानी से बचाने के लिए और शरारती लोगों को इस फीचर से दूर रखने के लिए एक नए उपाय खोज रखे हैं। यूजर्स जिस जानकारी को अपडेट करेंगे या गलत जानकारी रिमूव करेंगे, तो नई जानकारी सात दिन बाद अपडेट होगी।
Google Map पर कैसे बना सकेंगे Road lines
जानकारी के मुताबिक, इसके लिए आपको कंप्यूटर या लैपटॉप से गूगल मैप्स (maps.google.com) पर जाना होगा। इसके बाद साइड मेन्यू बटन पर क्लिक करें। इसके बाद एडिट मैप पर जाएं और Missing Road का चुनाव करें। इसके बाद टूल की मदद से मिसिंग रोड को लाइन से ड्रॉ करें। यहां रोड का नाम भी दिया जा सकता है। साथ ही गलत जानकारी को डिलीट भी कर सकते हैं।