43 Malicious apps removed from Google Play Store: गूगल प्ले स्टोर दुनियाभर में ऐप डाउनलोड के लिए सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है। प्ले स्टोर पर 3 मिलियन से ज्यादा ऐंड्रॉयड ऐप्स और गेम डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं। लेकिन गूगल की पॉलिसी का उल्लंघन करके बहुत सारे मैलिशस ऐप (Malicious Apps) भी प्ले स्टोर पर उपलब्ध हैं जिनसे निपटने के लिए गूगल लगातार नए नियम लाता रहता है। ये मैलिशस ऐप्स प्ले स्टोर में सेंध लगाकर ऐंड्रॉयड फोन यूजर्स के फोन तक पहुंच जाते हैं। एक लेटेस्ट रिपोर्ट में पता चला है कि 43 फेक ऐप्स को गूगल प्ले स्टोर से हटाया गया है। ये ऐप्स चुपके से यूजर के फोन की बैटरी खर्च कर रहे थे।

सर्च इंजन गूगल ने प्ले स्टोर से इन 43 मैलिशिस ऐप्स को रिमूव किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर का फोन टर्न ऑफ होने पर भी ये ऐप्स डिवाइस में एड लोड कर रहे थे। इन ऐप्स को अभी तक कुल 2.5 मिलियन बार डाउनलोड किया जा चुका है। और डिवाइस के ऑफ होने पर भी ये ऐप मोबाइल डेटा की खपत कर रहे थे।

McAfee की टीम ने लगाया Malicious Apps का पता

सबसे पहले McAfee में मोबाइल रिसर्च टीम ने पता लगाकर गूगल को जानकारी दी कि ये ऐप्स प्ले स्टोर की पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे हैं। इनमें से अधिकतर ऐप्स को प्ले स्टोर से हटा दिया गया है जबकि कुछ को डिवेलपर्स ने अपडेट कर दिया है। McAfee ने यूजर्स से कहा है कि अगर उनके स्मार्टफोन में ये ऐप्स हैं तो उन्हें तुरंत डिलीट कर दें।

McAfee ने एक ब्लॉग पोस्ट में जानकारी दी, ‘हाल ही में McAfee की Mobile Research Team ने यह गूगल प्ले पर उपलब्ध कुछ ऐप में चिंताजनक प्रैक्टिस का पता लगाया। ये ऐप्स डिवाइस की स्क्रीन ऑफ होने पर भी ऐड लोड करते हैं और शुरुआत में यूजर्स के लिए ऐसा होना सुविधाजनक हो सकता है। हालांकि, गूगल प्ले डिवेलपर पॉलिसी के हिसाब से इस तरह एड दिखाया जाना सीधे तौर पर पॉलिसी का उल्लंघन है। ऐसा होने से ना केवल इनविजिबल एड के लिए पैसे देने वाले विज्ञापनकर्ताओं पर असर पड़ता है बल्कि यूजर के फोन की बैटरी भी तेजी से खत्म हती है। डेटा खपत के अलावा यूजर की जानकारी लीक होने का भी खतरा होता है।’

प्ले स्टोर से रिमूव किए गए ऐप्स की लिस्ट में अलग-अलग तरह के ऐप्स शामिल हैं। इनमें TV/DMB प्लेयर्स, म्यूजिक डाउनलोडर्स और न्यूज व कैलेंडर ऐप्स हैं। अगर आपके ऐंड्रॉयड फोन में इन 43 ऐप्स में से कोई भी ऐप मौजूद है तो तुरंत डिलीट कर दें।

प्ले स्टोर से ऐप्स डाउनलोड करते समय हमेशा सावधान रहना जरूरी होता है। अपने ऐंड्रॉयड फोन को हमेशा अपडेट रखें और लेटेस्ट सिक्यॉरिटी व सॉफ्टवेयर पैच डाउनलोड करें। मैलवेयर से डिवाइस को बचाने के लिए सिक्यॉरिटी ऐप का इस्तेमाल करें।