26 जनवरी 2024 यानी आज (शुक्रवार) को देश अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। गूगल ने भी इस मौके पर अपने होमपेज पर रंग-बिरंगा डूडल बनाया है। इस google doodle में दिखाया गया है कि किस तरह आज के दिन 1950 में भारत का संविधान लागू किया गया था और देश ने खुद को एक लोकतांत्रिक और गणतंत्र राष्ट्र घोषित किया।

70 करोड़ ईंटें, 300 कमरे, नहीं जानते होंगे राष्ट्रपति भवन से जुड़ी ये दिलचस्प बातें

गूगल के होमपेज पर बनाए गए इस गूगल डूडल को कलाकार वृन्दा जावेरी (Vrinda Zaveri) ने इलस्ट्रेट किया है। इस डूडल में रिपब्लिक डे परेड को चित्रित किया गया है। और यह दिखाया गया है कि पिछले कई दशकों में यह अलग-अलग स्क्रीन पर देखी जा रही है। इसमें ऐनालॉग टीवी से डिजिटल टीवी तक का सफर दिखाया गया है जो अब स्मार्टफोन स्क्रीन तक पहुंच गया है।

Google Doodle में क्या खास?

75वें गणतंत्र दिवस के मौके पर दिखाए गए डूडल में एक ब्लैक एंड व्हाइट टेलिविजन सेट, एक कलर टीवी और एक मोबाइल फोन समेत अलग-अलग स्क्रीन पर रिपब्लिक डे परेड को दिखाया गया है। यानी समय के साथ कैसे परेड देखने का तरीका बदला इसकी एक झलक इस डूडल में देखी जा सकती है। गूगल डूडल में टेलिविजन युग के बदलाव को देखा जा सकता है।

बता दें कि आज देशभर में देशभक्ति की लहर है और जगह-जगह राष्ट्रध्वज तिरंगा लहरा रहा है। नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली रिपब्लिक डे परेड में इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए हैं। परेड में अलग-अलग प्रदेशों से आए लोग अपनी सभ्यता की झलक दिखाते हुए झांकियां निकालेंगे।

बता दें कि यह परेड कर्तव्य पथ से शुरू होकर राष्ट्रपति भवन होते हुए इंडिया गेट पहुंचेगी। वॉर मेमोरियल पर अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।