मशहूर सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने हर साल की तरह इस साल भी 2016 में सबसे टॉप पर रहे ट्रेंड्स, मोमेंट्स, और इवेन्ट्स की लिस्ट जारी की है। इंडिया और वर्ल्ड दोनों कैटगरी में फेसबुक ने टॉप ट्रेंड लिस्ट जारी किया है। इसके साथ ही फेसबुक ने 2016 के टॉप लाइव वीडियोज की भी लिस्ट पर से पर्दा उठाया है। इसके लिए कंपनी ने 1 जनवरी 2016 से 27 नवंबर 2016 तक के इवेंट को शामिल किया है। शख्सियत में महेन्द्र सिंह धोनी और प्रियंका चोपड़ा फेसबुक पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहे हैं।

फेसबुक ने इस साल भी यूजर्स के लिए ‘योर ईयर इन रिव्यू’ नाम से फेसबुक मेमोरी वीडियो जारी किया है। इसमें यूजर्स उस वीडियो को शेयर करने से पहले एडिट भी कर सकते हैं। आप भी इसे अपने प्रोफाइल में लॉग इन करके शेयर और एडिट कर सकते हैं। इसके बाद वो लिंक सभी लोगों के लिए विजिवल हो जाएगा। फेसबुक ने एक प्रेस स्टेटमेंट जारी कर कहा है कि इंडिया में 16.6 करोड़ एक्टिव यूजर हैं। उनमें से 15.9 करोड़ एक्टिव यूजर मोबाइल पर हैं। कंपनी के मुताबिक 8.5 करोड़ डेली यूजर हैं उनमें से 8.1 करोड़ यूजर्स मोबाइल पर एक्टिव हैं।

2016 में भारत में फेसबुक पर सबसे ज्यादा दिवाली, क्रिकेट, उरी अटैक एंड सर्जिकल स्ट्राइक, महेन्द्र सिंह धोनी पर बनी मूवी, हार्डवेल (इंडिया टूर), प्रियंका चोपड़ा, रियो ओलपिंक, पोकेमॉन गो, पठानकोट और आईफोन 7 लॉन्च के बारे में पोस्ट डाली गई और चर्चा में रही। फेसबुक ने भारत में अपने टॉप 10 लाइव वीडियो की सूची भी जारी की है। इसमें बिग बी अमिताभ बच्चन का पहला फेसबुक लाइव भी है।

गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन ने 1 दिसंबर को अपने फॉलोअर्स को अपने ऑफिस में झांकने की इजाजत दी थी। बिग बी ने यह इजाजत अपने वर्चुअल फैन्स को दी थी। दरअसल 1 दिसंबर को बिग बी फेसबुक पर लाइव टेस्टिंग कर रहे थे। इस दौरान वह दो बार फेसबुक पर लाइव आए। पहला लाइव दोपहर को किया। उसमें वो केवल बातचीत करते दिखे। वहीं दूसरे लाइव में उन्होंने अपनी ऑफिस की एक झलक दिखाई।