टेस्ला और X के सीईओ एलन मस्क ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर की और इसके बाद भारतीय सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। इस हलचल की वजह रही एलन मस्क की पोस्ट में भगवान गणेश की तस्वीर का होना। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और शुभारंभ, बुद्धि व समृद्धि के देवता के रूप में पूजा जाता है। मस्क की इस पोस्ट ने बहुत सारे लोगों का ध्यान खींचा।

इस पोस्ट में मस्क की कंपनी xAI के AI असिस्टेंट Grok को दिखाया गया है जो एलन मस्क को भगवान गणेश की तस्वीर के बारे में बताने में मदद कर रहा है। शेयर की गई बातचीत में Grok ने हिंदू देवता गणेश से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

एलन मस्क की दौलत 500 अरब डॉलर कैसे पहुंची? जानें कैसे एक आम शख्स बन गया दुनिया का सबसे अमीर इंसान, नेट वर्थ, सैलरी और कमाई के सारे सीक्रेट्स

मस्क की पोस्ट में उस बातचीत का एक लिंक भी शामिल था जो उन्होंने अपने AI चैटबॉट Grok के साथ की थी। इस बातचीत में मस्क ने Grok को दक्षिण भारतीय पारंपरिक पीतल की मूर्ति की एक तस्वीर दिखाई और बस इतना पूछा, “यह क्या है?” इसके जवाब में Grok ने बेहद विस्तार और सटीकता के साथ जानकारी दी जिससे उसकी डीप इमेज रिकग्निशन और नॉलेज सिंथेसिस क्षमता का प्रदर्शन हुआ।

ग्रोक चैटबॉट ने जवाब दिया, “यह भगवान गणेश की एक छोटी सी पीतल (bronze) की मूर्ति है जो एक पूजनीय हिंदू देवता हैं।” इसके साथ ही Grok ने मूर्ति के बारे में डिटेल में जानकारी और प्रतीकात्मक अर्थ की भी जानकारी दी।

भगवान गणेश के बारे में Grok ने मस्क को क्या-क्या बताया

Grok ने बड़ी सटीकता के साथ भगवान की मुख्य विशेषताओं की पहचान की- जैसे हाथी का सिर, चार भुजाएं, बैठी हुई मुद्रा और चरणों में बैठा मूषक और इसी आधार पर मूर्ति को भगवान गणेश के रूप में पहचाना।

यह पोस्ट शेयर होते ही सोशल मीडिया पर हजारों रिएक्शन आने लगे, खासकर भारतीय यूजर्स ने खूब कमेंट किए। लोगों ने दुनिया के सबसे मशहूर टेक लीडर्स में से एक और उनकी एआई टेक्नोलॉजी द्वारा हिंदू देवता की पहचान को लेकर खुशी और गर्व जाहिर किया।

एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर कई यूजर्स ने एलन मस्क की इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा,“यह काफी अविश्वसनीय लगता है कि Grok के अंदर भगवान गणेश नजर आ रहे हैं। एक दिव्य ज्ञान का प्रतीक हैं और दूसरा इंसान द्वारा डिवेलप की गई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- दोनों ही अव्यवस्था में स्पष्टता खोजने की कोशिश करते हैं।”

वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “यह देखकर अच्छा लगा कि एलन और Grok ने भगवान गणेश को पहचाना। जब बुद्धि और टेक्नोलॉजी मिलते हैं तो ऐसा अद्भुत संगम बनता है!”

एक अन्य यूजर ने मज़ाकिया अंदाज़ में लिखा, “भगवान गणेश हर बाधा को दूर करते हैं, काश हमारे पास मंगल ग्रह की ओर जाते समय asteroid fields से बचने के लिए उनका ज्ञान होता! Grok ने वाकई प्राचीन भावनाओं को आधुनिक AI के साथ जोड़ दिया है। अब बताइए एलन, SpaceX में ‘हाथीमुख इंजीनियर्स’ पर आपका क्या कहना है?”

हालांकि, कुछ यूजर्स ने इस पोस्ट के संदर्भ को लेकर सवाल उठाए, “एलन, आपको यह सर्च करने की प्रेरणा कहां से मिली? अचानक भगवान गणेश का जिक्र क्यों?” इन सवालों पर एलन मस्क ने कोई जवाब नहीं दिया। जबकि एक यूजर ने पोस्ट किया, ‘क्या ग्रोक हिंदू है? (is Grok Hindu)’

इससे पहले एलन मस्क अपने नई सैलरी कम्पन्सेशन पैकेज को लेकर सुर्खियों में थे। टेस्ला के सीईओ के रूप में उन्हें लंबे समय से कोई सैलरी नहीं मिल रही थी, लेकिन अब शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के बाद एलन मस्क को 1 ट्रिलियन डॉलर (लगभग 83 लाख करोड़ रुपये) के कम्पन्सेशन पैकेज का अधिकार मिल गया है।