व्हाट्सएप आज एसएमएस के लिए लोगों की पसंदीदा एप बन चुकी है। पूरी दुनिया में व्हाटसएप के करीब डेढ़ अरब यूजर्स हैं, इनमें से 40 करोड़ यूजर्स अकेले भारत में हैं। बड़ी संख्या में यूजर्स होने का सीधा सा मतलब है कि लोगों के पास व्हाट्सएप के काफी मैसेज आएंगे। इनमें चाहे और अनचाहे दोनों मैसेज शामिल होते हैं।

इन दिनों व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का प्रचलन भी तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि कई बार आपको बिना बताए कई व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया जाता है और फिर इन ग्रुप्स से आने वाले मैसेज आपको परेशान करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि व्हाट्सएप में एक ऐसा फीचर है, जिससे आप अपने आपको बिना जानकारी के किसी भी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़े जाने से बचा सकते हैं।

बता दें कि व्हाट्सएप यूजर खुद को अनचाहे ग्रुप और स्पैम से खुद को बेहद आसान तरीके से बचा सकते हैं। ये तरीका आसान है, लेकिन ज्यादा लोगों को पता नहीं है। इसके लिए यूजर को सिर्फ अपने व्हाट्सएप अकाउंट के टॉप राइट कॉर्नर के बटन पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद एक पॉप अप मेन्यू दिखाई देगा। जिसमें ‘सेटिंग’ के विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ‘अकाउंट’ के ऑप्शन पर क्लिक करने के बाद ‘प्राइवेसी’ के विकल्प में जाना होगा। जिसमें ग्रुप का ऑप्शन होगा, जिसमें डिफॉल्ट Everyone का विकल्प होता है।

इसका मतलब ये है कि कोई भी व्यक्ति आपको व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ सकता है और वो भी बिना आपकी मंजूरी के। जब आप ग्रुप के विकल्प पर क्लिक करेंगे तो आपके सामने एक पेज खुलेगा, जहां Who can add me to groups लिखा होगा, जिसके तीन विकल्प दिए होते हैं।

एक विकल्प है Everyone, जो कि डिफॉल्ट होता है। दूसरा विकल्प My Contacts का होता है, जिससे आपके कॉन्टैक्ट नंबर के लोग ही आपको व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ सकते हैं। यदि आप इसे और कस्टमाइज करना चाहते हैं तो इसके लिए तीसरा विकल्प है my contact except…। इसे सलेक्ट करने पर आप उन नंबर्स को चुन सकते हैं, जिनके द्वारा आप किसी व्हाट्सएप ग्रुप में नहीं जुड़ना चाहते। इस तरह आप अपनी प्राइवेसी बरकरार रख सकते हैं और बिना वजह के मैसेज से बच सकते हैं।