Acer Launches Bike Desk Charger: भागमभाग भरी जिंदगी, वक्त की कमी और टेक्नोलॉजी के ज्यादा इस्तेमाल के चलते अधिकतर लोग अपने स्वास्थ्य पर खास ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। लेकिन कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक कंपनी Acer आपकी हेल्थ का ध्यान रखना चाहती है। लास वेगास में चल रहे टेक शो CES 2023 में ऐसर ने eKinekt BD3 लॉन्च की है। ऐसर ने फिटनेस बाइक और स्मार्ट डेस्क को मिलाकर एक नई तरह की डेस्क बाइक पेश की है जिससे यूजर्स पैडलिंग करते समय अपनी डिवाइस को चार्ज करने के लिए इलेक्ट्रिसिटी भी जेनरेट करते हैं। ऐसर की यह डेस्क, ना तो एक बाइक है और ना ही स्मार्ट डेस्क, इसे इन दोनों का कॉम्बिनेशन कहा जा सकता है।
Acer eKinekt BD3 launched
कंप्यूटर दिग्गज ऐसर का कहना है कि eKinekt BD3 को काइनेटिक एनर्जी (गतिज ऊर्जा) से फायदा मिलता है। जब राइडर बाइक डेस्क पर पैडल मारते हैं तो इससे उत्सर्जित वाली काइनेटिक एनर्जी से लैपटॉप और स्मार्टफोन जैसी डिवाइस चार्ज होती हैं। ऐसर का कहना है कि लगातार 60RPM की स्पीड के साथ बाइक डेस्क पर साइकलिंग करने से 75वॉट की सेल्फ-जेनरेटेड पावर जेनरेट होती है।
ऐसर की इस बाइक डेस्क में एक एलसीडी डिस्प्ले भी दी गई है। इस बाइक डेस्क के लिए एक स्मार्टफोन ऐप भी है जो यूजर को उनकी प्रोग्रेस के बारे में जानकारी देता है। इस ऐप में रियल-टाइम प्रोग्रेस, डिस्टेंस, स्पीड और बर्न होने वाली कैलोरी की संख्या का पता चलता है।
यूजर्स इस बाइक को दो मोड में चला सकते हैं। पहले वर्किंग मोड में डेस्क, चेयर के पास रहती है ताकि यूजर टाइपिंग और पैडलिंग करते समय यूजर सीधे बैठ सके।
स्पोर्ट्स मोड में डेस्कटॉप थोड़ा आगे रहता है ताकि यूजर के लिए ज्यादा लेग स्पेस बन सके। इस बाइक डेस्क की ऊंचाई और सीट को एडजस्ट किया जा सकता है। इसके अलावा बाइक के रेजिस्टेंस को भी एडस्ट किया जा सकता है। ऐसर का कहना है कि डेस्क और प्रोटेक्टिव कवर को रीसाइकल किए हुए प्लास्टिक से बनाया गया है।
Acer eKinekt BD3 Price
Acer eKinekt BD3 बाइक डेस्क चार्जर नॉर्थ अमेरिका और यूरोप में खरीदने के लिए उपलब्ध होगा। दोनों देशों में इस बाइक चार्जर की कीमत क्रमशः 999 डॉलर (करीब 82,700 रुपये) और 999 यूरो (करीब 87,900 रुपये) है।