कुछ साल पहले तक हम अधिकतर कामों के लिए वेबसाइट का इस्तेमाल करते थे। लेकिन अब स्मार्टफोन्स हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं और हम अपने ज्यादातर कामों के लिए Mobile Apps पर निर्भर हैं। भारत सरकार और सरकारी एजेंसियां भी डिजिटल इंडिया मुहिम के तहत कई सारे ऐप्स ऑफर करती है। इन ऐप्स का सबसे बड़ा फायदा है कि आपको सरकारी कामों या दूसरे जरूरी काम निपटाने के लिए लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ता है। आज हम आपको ऐसे ही सरकारी ऐप्स के बारे में बताएंगे जो आपके स्मार्टफोन में जरूर होने चाहिए।
1) BHIM UPI App
BHIM UPI डिजिटल पेमेंट्स के लिए सबसे पॉप्युलर सरकारी ऐप है। इसे एक डिजिटल वॉलेट के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। आप एक बैंक अकाउंट से दूसरे अकाउंट में पैसों के लेनदेन के लिए इस ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। भीम यूपीआई के साथ आप कभी भी, किसी भी समय पैसों का लेनदेन कर सकते हैं। ऐप से QR कोड स्कैन करके भी पेमेंट की जा सकती है। यह ऐप National Payments Corporation of India द्वारा ऑफर किया जाता है।
2) DigiLocker App
जैसा कि नाम से ज़ाहिर होता है, यह ऐप एक डिजिटल लॉकर के तौर पर काम करता है। आप इस ऐप का इस्तेमाल कर अपने डॉक्युमेंट्स को डिजिटली स्टोर कर सकते हैं। मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड इन्फर्मेशन टेक्नोलॉजी (MEITY), भारत सरकार के डिजिटल इंडिया मुहिम के तहत इस ऐप को ऑफर करती है।
डिजिलॉकर के चलते आपको अपने जरूरी डॉक्युमेंट्स जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, RC, आधार और पैन की फिजिकल कॉपी की जरूरत नहीं होती। इस ऐप का इस्तेमाल डॉक्युमेंट्स और सर्टिफिकेट्स को इश्यू और वेरिफाई करने के लिए किया जा सकता है। ऐप में डॉक्युमेंट्स को अपलोड करने के बाद आप अपने मोबाइल डिवाइस पर उन्हें आसानी से एक्सेस कर सकते हैं।
3) GST Rate Finder App
इस ऐप की मदद से आप गुड्स ऐंड सर्विसेज टैक्स (GST) की जानकारी ले सकते हैं। इस ऐप में आपको GST से जुड़ी सारी जानकारी एक सिंपल इंटरफेस के साथ आसानी से मिल जाएगी। आप इस ऐप के जरिए किसी भी सामान पर लगने वाले GST रेट की जानकारी ले सकते हैं। यह ऐप सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज ऐंड कस्टम्स (CBEC) द्वारा ऑफर किया जाता है।
4) Indian Police at Your Call App
National Informatics Centre (NIC) ने डिजिटल इंडिया मुहिं के तहत इस ऐप को लॉन्च किया है। इस ऐप को नागरिकों की सेफ्टी और सिक्योरिटी के लिए डिजाइन किया है। इस ऐप के साथ आप किसी भी लोकेशन के आसपास मौजूद पुलिस स्टेशन को भी खोज सकते हैं।
इस ऐप की मदद से आप पुलिस स्टेशन पहुंच सकते हैं क्योंकि आपको रास्ते में सभी बड़े लैंडमार्क के साथ रास्ता भी दिखाया जाता है। इस ऐप में आपको पुलिस स्टेशन, डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम और ऑफिस ऑफ सुपरिन्टेन्डेन्ट ऑफ पुलिस के कॉन्टैक्ट नंबर भी मिल जाएंगे।
5) mAadhaar App
एमआधार ऐप के साथ आप कभी भी अपने आधार को डाउनलोड कर दिखा सकते हैं। यानी आपको आधार की फिजिकल कॉपी साथ रखने की जरूरत नहीं होती। ऐप में आधार के डिजिटल वर्जन या सॉफ्ट कॉपी को डाउनलोड किया जा सकता है और इसे वेरिफिकेशन के लिए भी इस्तेमाल करना आसान है। इसके अलावा आप इस ऐप के जरिए अपने आधार कार्ड को रीप्रिंट भी करा सकते हैं। ऐप हिंदी, बांग्ला, कन्नड़ आदि भाषाओं को सपोर्ट करता है।
6) mParivahan App
National Informatics Centre (NIC) द्वारा ऑफर किए जाने वाला mParivahan ऐप काफी काम का है। इस ऐप के जरिए आप रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) और व्हीकल्स से जुड़ी जानकारी एक्सेस कर सकते हैं। ऐप से आप अपने आसपास मौजूद RTO और पॉल्यूशन चेकिंग सेंटर भी ढूंढ सकते हैं।
इसके अलावा ऐप का इस्तेमाल कर आप एक मॉक ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट भी दे सकते हैं। अगर आप पुराना वाहन खरीद रहे हैं तो यह ऐप काफी काम आ जाएगा। आप कार के रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल कर इसकी रजिस्ट्रेशन डिटेल और परचेज डेट की जानकारी ले सकते हैं।
7) mPassport Seva App
mPassport Seva ऐप को विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट ऐंड वीजा (CPV) डिवीजन द्वारा ऑफर किया जाता है। यह Passport Seva Project का एक हिस्सा है और आम लोगों को पासपोर्ट से जुड़ी सर्विसेज ऑफर करने के लिए बनाया गया है। इस ऐप के साथ आप पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी जैसे पासपोर्ट सेवा केंद्र ढूंढने, ऐप्लिकेशन स्टेटस ट्रैक करने जैसे कई जरूरी काम कर सकते हैं।
इसके अलावा एमपासपोर्ट ऐप के साथ आप पासपोर्ट के लिए घर बैठे आवेदन भी कर सकते हैं।
8) UMANG App
UMANG ऐप के जरिए आप कई सारी सरकारी सेवाओं का फायदा ले सकते हैं। यानी आपको एक ही ऐप में कई सरकारी सर्विसेज का लाभ मिल जाएगा। चाहें स्थानीय निकाय से जुड़ी सर्विस हो या फिर राज्य सरकार, आप इस ऐप के जरिए अपना काम कर सकते हैं।
इस ऐप का सबसे बड़ा फायदा है कि आपको अलग-अलग सरकारी कामों के लिए कई सारे ऐप्स डाउनलोड नहीं करने पड़ते। यह ऐप मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनक्स ऐंड इन्फर्मेशन टेक्नोलॉजी (MeitY) और नैशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन (NeGD) मिलकर ऑफर करते हैं।