Bharat Movie Review and Rating: ‘भारत’ फिल्म पर बात करने के पहले ये जान लेना जरूरी है कि ये दक्षिण कोरियाई फिल्म `ओड टू माई फादर’ का हिंदी रूपांतर है। दक्षिण कोरियाई निर्देशक यून जे-क्यून की ये फिल्म उत्तर और दक्षिण कोरिया के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी है और कोरियाई फिल्मों में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों चौथे नंबर की फिल्म है। भारत के निर्देशक अली अब्बास जाफर ने इसे भारत विभाजन की पृष्ठभूमि में पेश किया है। `भारत’ उस शख्स की गाथा है जो 1947 के विभाजन के समय अपने परिवार से बिछड़ कर भारत आया था। इस शख्स का नाम है भारत (सलमान खान)। एक आश्रयहीन बच्चे के रूप में जिंदगी की कड़वी सचाई के सामने आंखे खोलने वाले भारत का एक ही संकल्प है- अपने बिछड़े परिवार को फिर से मिलाना। ऐसा वादा उसने अपने पिता के साथ किया था।
क्या वो ऐसा कर पाएगा? ये अलग से कहने की जरूरत नहीं रह जाती कि फिल्म लगभग सत्तर सालों के उस इतिहास में फैली हुई है जिसकी याद आज भी बहुतों के जेहन में जिंदा है और जिसके जख्म अभी भी ताजा लगते हैं। भारत का विभाजन इतिहास तो है ये वर्तमान भी है। राजनीति में भी और स्मृतियों में भी। पर ये निष्कर्ष निकालना भी गलत होगा कि ‘भारत’ सिर्फ दुख और दर्द की दास्तान है। इसमें और भी बहुत कुछ है- रोमांस है, हंसी और मजाक है यानी कॉमेडी का भरपूर डोज है, बहुत अच्छे गाने हैं, एक्शन है।
और हां, जैसा कि सलमान खान की फिल्मों में होता है सलमान ही सलमान हैं। कई अंदाज में। सर्कस में जोखिम के खेल दिखाते हुए. दुकानदारी करते हुए, समुद्र में कई तरह के कारनामें करते हुए, अरब देशों में तेल निकालने के कारोबार से जुड़े हुए। फिर बूढ़े सलमान भी दिखते हैं। लेकिन बुढापे में भी तंदरूस्त। बेशक `भारत’,एक मसाला फिल्म है और इसमें मनोरंजन के कई सारे रंग हैं। ये रूलाती भी है और हंसाती भी है लेकिन कहीं बोर नहीं करती। 2018 में ईद के मौके पर आई सलमान खान की फिल्म `रेस-3’ दर्शकों को दिल में जगह नहीं बना सकी थी। सलमान के फैन निराश हुए थे। लेकिन `भारत’ उनको इस बार चिल कर देगी। सुनील ग्रोवर ने सलमान के दोस्त विलायती का किरदार निभाया है और फिल्म के कॉमेडी पक्ष को खासा रोचक बना दिया है। बतौर कॉमिक एक्टर वे भी इस फिल्म की उपलब्धि हैं।
ये फिल्म एक और स्तर पर आज के जमाने के लड़के- लडकियों में आजादी की भावना को सामने लाती है और फिर पुराने पारिवारिक बंधन की बाध्यता भी दिखाती है। मसला है- लिव- इन रिलेशनशिप का यानी शादी के बिना लड़के लड़की के साथ रहने का। भारत कुमुद (कैटरीना कैफ) के साथ रहना चाहता है लेकिन शुरू में शादी के लिए तैयार नहीं होता है। लेकिन हालात बदलते हैं और दोनों की शादी भी हो जाती है। यानी परिवार नाम की संस्था के साथ विद्रोह भी हो गया और फिर उसका स्वीकार भी।
वैसे ये प्रसंग सलमान के निजी जीवन से भी जुड़ा है। वे शादीशुदा नहीं है लेकिन कई लड़कियों से उनके नाम जुड़े है। सलमान की शादी कब होगी’ ये फिल्म जगत का स्थाई मनोरंजक सवाल है। सलमान की जाती जिंदगी में शादी का मसला समाज और परिवार की मान्यताओं से अलग है। हालांकि दूसरे मामलों में वे अपने परिवार से जुड़े भी है। और हां कैटरीना कैफ के बारे मे कुछ बातें नोटिस करने लायक है। एक तो इस फिल्म उनके घुंघराले बाल सबका ध्यान अपनी तरफ खींचते हैं। शायद इस की घुंघराली लटों के साथ वे पहली बार फिल्मों में दिखी हैं। कुमुद नाम की जिस लड़की का किरदार उन्होंने निभाया है वो भी कुछ मायनों में पारंपरिक दिखती है। भारत कुमुद को कई जगहों पर मैडम-सर कहता है। इसमें एक किस्म का हास्य भी है।
Bharat Movie Cast: सलमान खान, कैटरीना कैफ, तब्बू, सुनील ग्रोवर, दिशा पाटनी, सतीश कौशिक, जैकी श्रॉफ,सोनाली कुलकर्णी, मुस्ताक खान, नोरा फतेही, वरुण धवन
Bharat Movie Director: अब्बास अली जफर