हिंदू धर्म में सप्ताह के सातों दिन अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा करने की मान्यता है। कहते हैं कि दिन के हिसाब से पूजा करने पर भगवान जल्दी प्रसन्न होते हैं और अपने भक्त पर कृपा बरसाते हैं। इस प्रकार से गुरुवार का दिन भगवान विष्णु को समर्पित किया गया है। इस दिन बृहस्पति जी की भी पूजा-अर्चना की जाती है। कहते हैं कि कुंडली में बृहस्पति की दशा मजबूत होने पर व्यक्ति के जीवन में तरक्की आती है। मालूम हो कि हिंदू धर्म में सप्ताह के अलग-अलग दिन अलग-अलग रंग के कपड़े पहनने की भी बात कही गई है। इस हिसाब से गुरुवार के दिन पीले रंग के कपड़े पहनने को शुभ माना गया है। मान्यता है कि गुरुवार को पीले रंग के कपड़े पहनने से जीवन में बरकत आती है।
ऐसा कहा जाता है कि भगवान विष्णु का पसंदीदा रंग पीला है। इसलिए गुरुवार को पीले रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए। शास्त्रों में पीले रंग को सम्पन्ता का प्रतीक बताया गया है। कहते हैं कि पीला रंग जीवन से दरिद्रता दूर करता है और समृद्धि प्रदान करता है। ऐसी मान्यता है कि पीले रंग का वस्त्र धारण करने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। और व्यक्ति अपने काम को काफी सकारात्मकता के साथ अंजाम देता है जिससे सफलता मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
बता दें कि गुरुवार के दिन पीले रंग की वस्तुओं का दान करने की बात भी कही गई है। कहते हैं कि गुरुवार को पीले रंग की वस्तुओं का दान करने से कुंडली में बृहस्पति की दशा मजबूत होती है। आप पीले रंग को वस्तुएं जैसे- हल्दी, चने की दाल, आम और केला का दान कर सकते हैं। गुरुवार के दिन इन वस्तुओं के दान को बहुत ही शुभ माना गया है। मान्यता है कि इससे विष्णु जी प्रसन्न होते हैं और भक्त के जीवन में खुशियां लाते हैं।
