हम सब अपने घर की दीवारों की रंगाई अपने पसंदीदा रंग से करवाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि वास्तु शास्त्र के हिसाब से घर की किस दीवार के लिए कौन सा रंग शुभ माना गया है? यदि नहीं तो आज हम आपको इसी बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। घर में बेडरूम वाला हिस्सा बड़ा ही महत्वपूर्ण माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार के घर के बेडरूम की दीवारों पर नीला रंग पुतवाना चाहिए। कहते हैं कि नीले रंग से शांति आती है। इससे दंपत्ति का क्रोध नियंत्रित रहने और उनके प्यार के बढ़ने की मान्यता है। इसके साथ ही आप अपने बेडरूम में नीले रंग का बल्ब भी जला सकते हैं।

वास्तु शास्त्र में स्टडी रूम के लिए हरा या तोतिया रंग शुभ बताया गया है। कहते हैं कि इससे बच्चे का पढ़ाई में काफी मन लगता है। इसके साथ ही स्टडी रूम का रंग हरा या तोतिया होने से सेहत अच्छी रहने की भी मान्यता है। इसके अलावा आप चाहें तो अपनी स्टडी टेबल पर हरे रंग की तौलिया भी बिछा सकते हैं। मालूम हो कि घर की उत्तर-पूर्व दिशा को सबसे महत्वपूर्ण स्थान माना गया है। वास्तु शास्त्र के हिसाब से घर की उत्तर-पूर्व दिशा में स्थित कमरे का रंग सफेद या हरा होना चाहिए। इससे परिवार में खुशियां आने की मान्यता है।

मालूम हो कि वास्तु शास्त्र में धन की समस्या से जुझ रहे लोगों के लिए भी समाधान बताया गया है। कहा जाता है कि इसके लिए घर की दक्षिण-पूर्वी दिशा में स्थित कमरे की दीवारों का रंग लाल या नारंगी रखना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से आर्थिक समस्याएं दूर होती हैं। वास्तु शास्त्र में घर के उत्तर-पश्चिम में स्थित कमरे के लिए सफेद रंग शुभ माना गया है। ऐसा करने से पड़ोसियों के साथ रिश्ता अच्छा रहने की मान्यता है।