हम सब त्योहार, जन्मदिन इत्यादि खास मौकों पर एक-दूसरे को गिफ्ट देते हैं। गिफ्ट देते समय हम इस बात का ध्यान रखते हैं कि यह लेने वाले को जरूर पसंद आए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गिफ्ट देते समय और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? किस तरह का गिफ्ट देना शुभ माना जाता है? यदि नहीं तो आज हम आपको इसी बारे में बता रहे हैं। दरअसल गिफ्ट को एक तरह का दान माना गया है। गिफ्ट रूपी दान करने से जीवन की कई समस्याओं के दूर होने की बात कही गई है। कहते हैं कि जीवन में जिस तरह की खुशी की चाहत हो उसी तरह की वस्तु का दान करना चाहिए। साथ ही गिफ्ट जरूरतमंदों और निर्धनों को देने से अत्यधिक लाभ मिलने की मान्यता है।
सामान्य तौर पर अन्न, वस्त्र और मिठाइयों को गिफ्ट के रूप में देना अच्छा माना जाता है। कहते हैं कि इन चीजों का दान करने से जीवन में खुशियों का आगमन होता है। माना जाता है कि जरूरतमंदों और निर्धनों को अन्न, वस्त्र या मिठाई रूपी गिफ्ट देना शुभ फलदायी होता है। ऐसा करने से घर में सौभाग्य आने की बात कही गई है। कहते हैं कि इससे व्यक्ति को उसके प्रयासों में सफलता मिलनी शुरू हो जाती है। और आर्थिक सम्पन्नता आती है।
गिफ्ट में कांच की वस्तुएं देने के लिए मना किया गया है। कहा जाता है कि कांच की वस्तुओं को गिफ्ट करने से रिश्तों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इससे रिश्तों में दरार आने की बात कही गई है। साथ ही नशे की चीजों को भी गिफ्ट में नहीं देना चाहिए। इससे भी रिश्तों के कमजोर होने की मान्यता है। गिफ्ट के रूप में चॉकलेट देना अच्छा माना जाता है। चॉकलेट गिफ्ट करने से रिश्तों में मिठास घुलने की बात कही गई है।
