हिंदू धर्म में दान देने का विशेष महत्व बताया गया है। कहते हैं कि दान देने से धर्म का पालन होता है। दान करने से जीवन की तमाम समस्याओं के समाप्त होने की भी मान्यता है। ऐसा कहा जाता है जो व्यक्ति दान देता है, उसका स्वास्थ्य काफी अच्छा रहता है और वह दीर्घायु होता है। ज्योतिष शास्त्र की मानें तो दान करने से व्यक्ति को ग्रह दोषों से मुक्ति मिलती है। हालांकि दान करते समय इस बात का भी ध्यान रखने के लिए कहा गया है कि किस वस्तु का दान किया जा रहा है। क्योंकि अलग-अलग वस्तुओं का दान करने से अलग-अलग तरह का लाभ मिलने की बात कही गई है। तो चलिए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

अनाज का दान करना बड़ा ही शुभ माना जाता है। कहते हैं कि जो व्यक्ति अन्न का दान करता है, उसके जीवन में कभी भी अन्न की कमी नहीं होती। ध्यान रहे कि बिना पकाए हुए अन्न का दान करना अत्यधिक लाभकारी बताया गया है। रविवार के दिन गेहूं का दान करने के लिए कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन गेहूं दान करने से नाम और यश की प्राप्ति होती है। सोमवार के दिन चावल का दान करना शुभ माना जाता है। कहते हैं कि ऐसा करने से व्यक्ति को मानसिक समस्याओं से छुटकारा मिलता है। वहीं, कानूनी मामलों में लाभ पाने के लिए मंगलवार के दिन जौ का दान करने के लिए कहा जाता है।

धातुओं का दान विशेष दशाओं में करने के लिए कहा जाता है। कहते हैं कि धातु का दान उसी व्यक्ति को करना चाहिए, जिसे उस चीज की जरूरत हो। सोने का दान करने से राज्य पद की प्राप्ति होने का मान्यता है। इसके साथ ही चांदी का दान करने से व्यक्ति की सेहत अच्छी रहने की बात कही गई है। ऐसा कहा जाता है कि लोहे का दान करने से नौकरी में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। इस अलावा वस्त्रों का दान करने से आर्थिक स्थिति के मजबूत होने की मान्यता है। वहीं, चमकीले वस्त्र दान करने से बीमारियों के दूर होने की बात कही गई है।