Weekly Vrat Tyohar 30 December to 5 January 2025: नया साल 2025 जल्द ही शुरू होने वाला है। व्रत और त्योहारों के लिहाज से नए साल का पहला हफ्ता बहुत खास है। इस हफ्ते की शुरुआत 30 दिसंबर को सोमवती अमावस्या से हो रही है। इसके बाद नए साल के पहले हफ्ते में वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी और अन्नरूपा षष्ठी जैसे बड़े व्रत भी पड़ेंगे। तो चलिए जानते हैं इस सप्ताह में पड़ने वाले प्रमुख व्रत त्योहार के बारे में।

सोमवती अमावस्या (30 दिसंबर, सोमवार)

अमावस्या तिथि हर माह में पड़ती है, लेकिन जब यह सोमवार को पड़ती है, तो इसे सोमवती अमावस्या कहते हैं। अमावस्या के दिन भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस खास दिन पर लोग पवित्र नदियों में स्नान करते हैं और पितरों के लिए तर्पण व पिंडदान करते हैं। ऐसी मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन में सुख-शांति आती है और पितरों का आशीर्वाद मिलता है।

नया साल (1 जनवरी, 2025, बुधवार)

हिंदू पंचांग के अनुसार, फिलहाल पौष का महीना चल रहा है और हिंदू धर्म में इस महीने का खास महत्व होता है। इसके साथ ही जल्द ही नया वर्ष शुरू होने वाला है। अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से नया साल 1 जनवरी से शुरू होता है। इस दिन लोग घरों में स्वादिष्ट पकवान बनाते हैं और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं। यह दिन नई शुरुआत और खुशियां मनाने का होता है।

वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी व्रत (3 जनवरी, शुक्रवार)

हिंदू धर्म में गणेश चतुर्थी महत्वपूर्ण व्रत में से एक माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल पौष महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी व्रत मनाया जाता है। यह व्रत भगवान गणेश को समर्पित है। ऐसी मान्यता है कि इस शुभ तिथि पर भगवान गणेश की पूजा करने से जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। इसके साथ ही कार्य में आ रही रुकावटें भी खत्म हो जाती हैं।

अन्नरूपा षष्ठी (5 जनवरी, रविवार)

हिंदू पंचांग के अनुसार, पौष महीने की षष्ठी तिथि को अन्नरूपा षष्ठी व्रत किया जाता है। यह व्रत माता अन्नपूर्णा को समर्पित है। खासतौर पर बंगाल में इसे बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस व्रत को करने से घर में कभी अन्न और धन की कमी नहीं होती है।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।