Vrat And Festivals This Week, 04 November to 10 November 2024: दिवाली खत्म हो चुका है और अब छठ महापर्व से नए हफ्ते की शुरुआत हो रही है। दरअसल, आज यानी 04 नवंबर 2024 से नए हफ्ते की शुरुआत हो चुकी है। व्रत-त्योहार के लिहाज से नया सप्ताह बेहद खास रहने वाला है क्योंकि हफ्ते की शुरुआत 4 दिवसीय छठ महापर्व से हो रही है। इसके अलावे इस हफ्ते दुर्गाष्टमी पर्व, अक्षय नवमी व्रत भी किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रहों के लिहाज से भी सप्ताह महत्वपूर्ण है। ज्योतिष के अनुसार, इस हफ्ते कई ग्रह गोचर करने वाले हैं। तो चलिए जानते हैं हफ्ते मनाए जाने वाले प्रमुख व्रत-त्योहार के बारे में।
4 नवंबर से 10 नवंबर तक व्रत-त्योहारों की पूरी लिस्ट (Vrat And Festivals This Week, 04 November to 10 November 2024)
6 नवंबर 2024 – लाभ पंचमी, खरना
7 नवंबर 2024 – छठ पूजा षष्टी
8 नवंबर 2024 – छठ पूजा उषा अर्घ्य
9 नवंबर 2024 – गोपाष्टमी दुर्गाष्टमी व्रत
10 नवंबर 2024 – अक्षय नवमी
05 नवंबर 2024 – नहाय-खाय (छठ पूजा का पहला दिन)
छठ पूजा के पहले दिन को नहाय-खाय कहा जाता है। इस दिन व्रत करने वाले लोग स्नान कर शुद्ध और सात्विक खाना खाते हैं, जिसमें आमतौर पर चने की दाल, लौकी की सब्जी और चावल शामिल होते हैं। इसी दिन से चार दिनों के कठिन व्रत की शुरुआत होती है, जिसमें पूरी श्रद्धा के साथ सूर्य देव की पूजा की जाती है।
06 नवंबर 2024 – लाभ पंचमी और खरना
छठ पूजा का दूसरा दिन खरना के नाम से जाना जाता है। इस दिन व्रती सुबह से ही बिना कुछ खाए-पिए रहते हैं और शाम को गुड़ और चावल की खीर बनाकर उसका भोग लगाते हैं और फिर उसे ग्रहण करते हैं। इसी दिन से उनका मुख्य व्रत शुरू होता है, जिसमें अगले दो दिन तक निर्जल व्रत किया जाता है। इसी दिन लाभ पंचमी का व्रत भी है। इसमें मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी बनी रहेगी।
07 नवंबर 2024 – डूबते सूर्य को अर्घ्य (छठ पूजा का तीसरा दिन)
छठ पूजा के तीसरे दिन डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस दिन व्रती शाम को नदी या तालाब के किनारे जाकर सूर्य देवता को दूध और जल से अर्घ्य देते हैं। साथ ही घर में खुशहाली, सुख-समृद्धि और संतान प्राप्ति की कामना करते हैं।
08 नवंबर 2024 – उगते सूर्य को अर्घ्य (छठ पूजा का चौथा और आखिरी दिन)
08 नवंबर 2024 को छठ पूजा का आखिरी दिन है। चौथा दिन यानी सप्तमी तिथि छठ महापर्व का अंतिम दिन होता है। इस दिन प्रातः काल उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और इसी के साथ छठ पर्व का समापन होता है।
09 नवंबर 2024 – गोपाष्टमी और दुर्गाष्टमी पर्व
09 नवंबर 2024 को गोपाष्टमी और दुर्गाष्टमी मनाई जाएगी। गोपाष्टमी का दिन गौ माता की पूजा के लिए खास होता है। इसे भगवान कृष्ण के गौचारण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन गायों को स्नान कराकर उन्हें सजाया जाता है और खास भोजन खिलाया जाता है। इसी दिन दुर्गा अष्टमी भी पड़ती है, जिसमें मां दुर्गा की पूजा कर परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है।
10 नवंबर 2024 – अक्षय नवमी
अक्षय नवमी के दिन आंवले के पेड़ की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन करना बहुत शुभ माना जाता है और इसे अक्षय पुण्य प्राप्ति का प्रतीक माना जाता है। इस दिन भक्त सुबह-सुबह आंवले के पेड़ की पूजा कर वहां बैठकर भोजन करते हैं।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।