Weekly Vrat Tyohar 09 To 15 December 2024: दिसंबर का दूसरा सप्ताह आज यानि 9 दिसंबर से आरंभ हो चुका है। व्रत-त्योहार के लिहाज से यह सप्ताह बेहद खास रहने वाला है। क्योंकि हिंदू पंचांग के अनुसार, सप्ताह की शुरुआत नंदा नवमी व्रत से हो रही है। यह व्रत देवी लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए शुभ माना जाता है। इसके साथ ही इस हफ्ते मोक्षदा एकादशी व्रत, मत्स्य द्वादशी व्रत, शुक्र प्रदोष व्रत आदि सहित कई प्रमुख व्रत-त्योहार किए जाएंगे। ग्रह-गोचर की बात करें तो इस सप्ताह बुध वृश्चिक राशि में उदित होंगे। ऐसे में आज हम आपको इस सप्ताह में पड़ने वाले प्रमुख व्रत त्योहार के बारे में बताएंगे।

9 दिसंबर – नंदा नवमी व्रत 2024 (Mahananda Navami Vrat 2024)

हिंदू पंचांग के अनुसार, नंदा नवमी का व्रत आज यानि 9 दिसंबर 2024 को रखा जा रहा है। यह व्रत नंदा देवी और महालक्ष्मी को समर्पित है। नंदा देवी को मां दुर्गा का रूप माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पूजा करने से हर इच्छा पूरी होती है। इसके साथ ही इस दिन दान-पुण्य भी करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है।

11 दिसंबर – मोक्षदा एकादशी 2024 (Mokshada Ekadashi 2024) , गीता जयंती 2024 (Gita Jayanti 2024)

हिंदू पंचांग के अनुसार, 11 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी मनाई जाएगी। हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व होता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा का विधान है। इसके साथ ही इस दिन व्रत रखा जाता है। मान्यता है कि एकादशी का व्रत रखने से जातकों के सभी पाप खत्म होते हैं और मोक्ष मिलता है। यह दिन खास इसलिए भी है क्योंकि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया था। इसलिए इस दिन गीता जयंती भी मनाई जाएगी।

12 दिसंबर – मत्स्य द्वादशी 2024 (Matsya Dwadashi 2024)

मत्स्य द्वादशी व्रत भगवान विष्णु के पहले अवतार मत्स्य को समर्पित है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने मत्स्य रूप लेकर राक्षस हयग्रीव का अंत किया था और वेदों की रक्षा की थी। मान्यता है कि इस दिन पूजा करने से जीवन की मुश्किलें दूर होती हैं। इस बार मत्स्य द्वादशी 12 दिसंबर को रखा जाएगा।

13 दिसंबर – शुक्र प्रदोष व्रत 2024 (Shukra Pradosh Vrat 2024)

हिंदू धर्म में प्रदोष व्रत का विशेष महत्व होता है। इस बार यह व्रत शुक्रवार को पड़ रहा है ऐसे में इसे शुक्र प्रदोष कहा जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, 13 दिसंबर को शुक्र प्रदोष व्रत रखा जाएगा। इस दिन भगवान शिव की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा करने से कुंडली में शुक्र ग्रह मजबूत होता है, जिससे वैवाहिक जीवन में सुख और धन-वैभव की प्राप्ति होती है।

14 दिसंबर – दत्तात्रेय जयंती (Dattatreya Jayanti 2024)

यह दिन भगवान दत्तात्रेय के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। वे महर्षि अत्रि और माता अनसूया के पुत्र हैं। भगवान दत्तात्रेय की पूजा करने से ज्ञान और आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है।

15 दिसंबर मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2024 (Margashirsha Purnima 2024)

हिंदू पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष पूर्णिमा 15 दिसंबर 2024 को मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार, यह साल की आखिरी पूर्णिमा होगी। हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि को बहुत ही खास माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसके साथ ही मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान और दान का विशेष महत्व होता है।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।