Firoza Gemstone Benefits: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) की कलाई पर आपने नीले रग का ब्रेसलेट तो जरूर देखा होगा। ये ब्रेसलेट केवल उनका स्टाइल स्टेटमेंट ही नहीं है बल्कि उनका लकी चार्म भी माना जाता है। क्योंकि इस ब्रेसलेट में उन्होंने फिरोजा रत्न धारण किया हुआ है। ज्योतिष में इस रत्न को बेहद ही प्रभावशाली माना जाता है। बहुत ही कम लोग इस रत्न को धारण कर पाते हैं। ये बृहस्पति ग्रह का रत्न है जिसे धारण करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। जानिए रत्न ज्योतिष अनुसार इस रत्न का क्या है महत्व।
फिरोजा रत्न के लाभ: ज्योतिष अनुसार ये रत्न चक्रों के बीच में संतुलन बनाए रखता है और दिमाग को शांत रखने की कोशिश करता है। वैसे तो ये रत्न कई रंगों में आता है लेकिन इसका आसमानी नीला रंग सबसे शुभ माना जाता है। कहते हैं कि अगर भविष्य में कोई संकट आने वाला हो तो इस रत्न का रंग बदल जाता है या फिर ये टूट जाता है। ये रत्न व्यक्ति की समाज में छवि अच्छी बनाने में सहायक होता है। इसे पहनने से मान-सम्मान में बढ़ोतरी होती है। ये मानसिक स्थिति मजबूत करता है। ये सौभाग्य प्रदान करता है। ये आस-पास की नकारात्मक ऊर्जा को नष्ट कर देता है।
कौन कर सकता है फिरोजा धारण? धनु राशि के लोगों के लिए ये रत्न सबसे उपयुक्त माना जाता है। इसके साथ ही मेष, कर्क, सिंह और वृश्चिक राशि के जातक भी ये रत्न धारण कर सकते हैं। प्रेम संबंधों और करियर में सफलता पाने के लिए इस रत्न को धारण किया जा सकता है। इस रत्न के प्रभाव से वैवाहिक जीवन की परेशानियां भी दूर होने की मान्यता है। फिल्मी कलाकार, पेशे से आर्किटेक्चर, चिकित्सक और इंजीनियर भी इस रत्न को ज्योतिषीय सलाह से धारण कर सकते हैं। ये रत्न लोकप्रियता व मित्रता में भी बढ़ोत्तरी करता है। (यह भी पढ़ें- व्यापार में प्रगति और कर्ज से छुटकारे के लिए रुद्राभिषेक माना गया है फलदायक, जानिये विधि-विधान)
फिरोजा धारण करने की विधि: फिरोजा रत्न शुक्रवार, गुरुवार या फिर शनिवार के दिन भी धारण किया जा सकता है। इस रत्न को धारण करने का सबसे शुभ समय प्रात: 6 बजे से 8 बजे तक होता है। इस रत्न को सोना या तांबा किसी भी धातु में पहना जा सकता है। इसे पहनने से एक रात पहले दूध, शहद, मिश्री और गंगाजल मिश्रित घोल में इसे डालकर रख दें। फिर अगले दिन स्नान कर पूजा करने के बाद इस रत्न को धारण कर लें। (यह भी पढ़ें- ज्योतिष अनुसार इन 2 राशि वालों पर शनि रहते हैं मेहरबान, इनके सफल होने में किस्मत से ज्यादा इनकी मेहनत का होता है योगदान)