हममें से कई सारे लोग अपने घर की सुंदरता बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल पौधे या फूल रखते हैं। पिछले कुछ सालों में इसके प्रति लोगों की रुचि काफी बढ़ी है। ये आर्टिफिशियल पौधे और फूल भले ही घर की सुंदरता को बढ़ा देते हों लेकिन इनसे कई तरह के नुकसान भी हैं। जी हां, वास्तु शास्त्र में इस बारे में विस्तार से बताया गया है। वास्तु शास्त्र की मानें तो हमें अपने घर पर आर्टिफिशियल पौधे या फूल नहीं रखने चाहिए। इसे घर के लिए अशुभ माना गया है। इन आर्टिफिशियल पौधों और फूलों से घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होने की मान्यता है। इससे परिवार की खुशियों पर ग्रहण लग जाता है। परिवार के सदस्य एक-दूसरे से बात-बात पर चिढ़ने लगते हैं। परिवार का माहौल खराब हो जाता है।
वास्तु शास्त्र में कहा गया है कि घर पर आर्टिफिशियल पौधे या फूल रखने से रिश्ते कमजोर हो जाते हैं। परिवार के लोगों में दिखावा करने की आदत घर कर जाती है। साथ ही इनमें झूठ बोलने की आदत भी लग जाती है। घर के लोग परिवार के सदस्यों से ज्यादा बाहर के लोगों पर भरोसा करते हैं। इसके अलावा बेडरूम में भी आर्टिफिशियल पौधे या फूल रखने के लिए मना किया गया है। इससे पति-पत्नी के रिश्ते में कड़वाहट पैदा होने की मान्यता है।
वास्तु शास्त्र के मुताबिक घर पर ‘पॉटपुरी’ (सुखे फूल) भी नहीं रखना चाहिए। इसे घर के वास्तु के लिए अशुभ बताया गया है। ‘पॉटपुरी’ से घर में मृत-ऊर्जा का फैलाव होने की बात कही गई है। इससे घर में खुशियों भरा माहौल समाप्त हो जाता है। घर के लोग चिढ़चिढ़े स्वभाव के हो जाते हैं। उनमें बात-बात पर विवाद होने लगता है। वहीं, घर पर ताजे फूलों को रखना काफी शुभ माना गया है। ताजे फूल घर में सकारात्मक ऊर्जा लेकर आते हैं। इससे परिवार में खुशियां आती हैं।