हिंदू धर्म में सप्ताह के सातों दिन अलग-अलग देवी-देवताओं को समर्पित हैं। गुरुवार का दिन भगवान विष्णु के लिए निर्धारित किया गया है। कहते हैं कि गुरुवार को विष्णु जी की पूजा करने से वे बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं। ऐसी मान्यता है कि जिस व्यक्ति के ऊपर विष्णु जी की कृपा होती है, उन्हें अपने जीवन में किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। इसके साथ ही ऐसे लोग एक सुविधा-सम्पन्न जीवन बिताते हैं और बड़े लक्ष्यों को हासिल करने में कामयाब होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गुरुवार के दिन विष्णु जी की पूजा करते समय उन्हें किसका भोग लगाना चाहिए। चलिए हम विस्तार से आपको इस बारे में बताते हैं।

ऐसी मान्यता है कि गुरुवार के दिन भगवान विष्णु की पूजा में उन्हें तुलसी के पत्तों का भोग अवश्य लगाना चाहिए। बताया जाता है कि विष्णु जी को तुलसी के पत्ते भोग के रूप में लेना बहुत पसंद है। इसलिए ऐसा करने पर उनकी कृपा अति शीघ्र अपने भक्त के ऊपर बरसती है। तुलसी जी के पत्तों के अलावा आप विष्णु जी को खीर का भोग भी लगा सकते हैं। कहते हैं विष्णु को खीर खाना काफी अच्छा लगता है और भोग के रूप में इसे पाकर वह काफी प्रसन्न होते हैं।

ऐसा कहा जाता है कि विष्णु जी को बेसन के लड्डू भी बहुत प्रिय हैं। इसलिए उनकी पूजा के दौरान बेसन के लड्डू का भोग जरूर लगाना चाहिए। सूजी का हलावा भी कई लोग विष्णु जी को भोग के रूप में चढ़ाते हैं। माना जाता है कि गुरुवार के दिन विष्णु जी को सूजी के हलवे का भोग लगाने से आर्थिक सम्पन्नता आती है। इसके साथ ही विष्णु जी की कृपा होने से घर की कलह समाप्त होती है और परिवार के लोग आपस में मिल-जुलकर रहते हैं।