Vidur Niti: महाभारत के सबसे महत्वपूर्ण पात्रों में से एक महात्मा विदुर ने अपने नीति शास्त्र में जीवन से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की है। महात्मा विदुर बेहद ही बुद्धिमान थे, हालांकि, दासी पुत्र होने के कारण उन्हें राजा नहीं बनाया गया था। कहते हैं कि महात्मा विदुर जीवन से जुड़े सभी विषयों को बहुत गहराई से समझते थे। इसलिए तो उनके नीति शास्त्र में दी सलाहें आज के समय में भी प्रासंगिक हैं। विदुर जी ने अपनी नीतियों से मनुष्यों को सही जीवन जीने का सलीका सिखाया है। महान राजनीतिज्ञ ने अपने नीति शास्त्र में उन 6 चीजों का जिक्र किया है, जिन लोगों के पास यह चीजें होती हैं, वह व्यक्ति संसार के सभी सुखों को भोगता है।

कहा तो यह भी जाता है कि जिन लोगों के पास यह 6 चीजें होती हैं, वह काफी भाग्यशाली होते हैं। जानिये क्या है वह चीजें।

1-मीठी वाणी: विदुर जी कहते हैं कि जो लोग मीठा बोलते हैं, उन पर मां सरस्वती और लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है। मान्यता है कि वाणी में मां सरस्वती का वास होता है। कहते हैं कि कड़वा बोलने वाले लोगों का स्वभाव उनकी भाषा की तरह ही बुरा हो जाता है। मीठी वाणी बोलने वाले लोगों का भाग्य भी पूरा साथ देता है।

2-आज्ञाकारी हो संतान: हर माता-पिता की यह चाह होती है कि उनका पुत्र आज्ञाकारी हो। विदुर जी कहते हैं कि अगर संतान आज्ञाकारी नहीं होती, तो वह अपने कुल का सर्वनाश कर बैठता है। विदुर जी कहते हैं कि जिनकी संतान आज्ञाकारी होती है वह काफी भाग्यशाली होते हैं।

3-निरोगी काया: अपने नीति शास्त्र में माहत्मा विदुर ने कहा है कि जिन लोगों की निरोगी काया होती है, वह बेहद ही भाग्यशाली होता है। क्योंकि रोगों से शरीर कमजोर पड़ जाता है। बीमार व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक क्षमता नष्ट होने लगती है।

4- ज्ञानी: विदुर जी ने अपने नीति शास्त्र में बुद्धिमत्ता को काफी महत्व दिया है। उनके अनुसार, मनुष्य के पास ज्ञान ही एक मात्र ऐसा धन है, जिसे कोई चोरी नहीं कर सकता है। शास्त्रों में भी कहा गया है कि ज्ञान ही इंसान की सबसे बड़ी ताकत है।

5- आय के साधन: विदुर जी ने कहा है कि व्यक्ति को अपनी जरुरतों को पूरा करने के लिए आय के साधन को जुटाना पड़ता है। जिस व्यक्ति के पास आय के साधन नहीं होते हैं, उन्हें दुर्भाग्यशाली माना जाता है। क्योंकि वह व्यक्ति धनहीन होता है। ऐसे में जिन लोगों के पास आय के साधन होते हैं, वह बेहद ही भाग्यशाली होते हैं।

6- अच्छे आचरण वाली स्त्री: विदुर जी कहते हैं कि एक स्त्री घर को स्वर्ग या नर्क में तब्दील कर सकती है। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति की पत्नी अच्छे स्वभाव और अच्छे आचरण वाली होती है, वह व्यक्ति वास्तव में भाग्यशाली होता है।