वास्तु शास्त्र में हर दिशा का महत्व बताया गया है। वास्तु शास्त्र के अनुसार हर चीज में ऊर्जा होती है, जो मनुष्य की जिंदगी को प्रभावित करती है। प्रत्येक चीज के निर्माण से लेकर उसके रख-रखाव तक वास्तु शास्त्र में कुछ नियम बताए गए हैं, जिससे मनुष्य की जिंदगी में हमेशा सकारात्मकता बनी रहती है। ज्यादातर लोग बिना वास्तु की जानकारी के अपने घरों का निर्माण करवा लेते हैं। कई बार तो हम किसी भी चीज को बिना उसकी सही दिशा जानें, ऐसे ही रख देते हैं, जिसके कारण घर में वास्तु दोष पैदा हो जाता है।

वास्तु दोष की वजह से घर में नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है, जिससे ग्रह क्लेश, आर्थिक समस्याएं, कार्यक्षेत्र में परेशानी समेत कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अगर आपके घर में भी रोजाना लड़ाई-झगड़े हो रहे हैं तो इसका कारण वास्तु दोष हो सकता है। ऐसे में आप इन टिप्स के जरिए घर में बिना किसी तोड़-फोड़ के वास्तु दोष को दूर कर सकते हैं।

रसोई और बाथरूम का दरवाजा हो आमने-सामने तो क्या करें: जिस घर में रसोई और बाथरूम आमने-सामने बने होते हैं, यह एक बहुत बड़ा वास्तु दोष माना जाता है। इसके कारण घर-परिवार पर मुसीबतों को पहाड़ टूट सकता है। ऐसे में अगर आपके घर में भी बाथरूम और रसोई घर आमने-सामने बने हुए हैं तो दोनों के बीच में एक मोटा-सा पर्दा लगा देना चाहिए। साथ ही बाथरूम का दरवाजा हमेशा बंद करके रखना चाहिए और जरूरत पड़ने पर ही उसे खोलना चाहिए। इससे वास्तु दोष दूर होता है।

घर के मुख्य द्वार के दोष को दूर करने के लिए अपनाएं ये उपाय: अगर घर के मुख्य द्वार पर किसी तरह का वास्तु दोष है तो इसका असर व्यक्ति के कार्यक्षेत्र में पड़ता है। आपको व्यापार में नुकसान हो सकता है, या फिर नौकरी पेशा लोगों की नौकरी पर संकट बना रहता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार मुख्य द्वार के दोष से छुटकारा पाने के लिए उस पर स्वास्तिक का चिन्ह बनाना चाहिए, साथ ही द्वार पर भगवान गणेश जी की प्रतिमा लगा देनी चाहिए। इस बात का ध्यान रखें कि मुख्य द्वार पर किसी भी तरह की कोई गंदगी ना लगने पाए।