Vastu Tips For Kitchen: वास्तु शास्त्र के अनुसार घर के प्रत्येक हिस्से का अपना एक अलग महत्व होता है। वास्तु विज्ञान में इस बात को बताया गया है कि घर का कौन-सा कोना किस तरह के फल देने वाला होता है। जानकारों के मुताबिक चारों दिशाओं से विभिन्न ऊर्जाओं का संचार होता है। ये ऊर्जा किन्हीं के लिए शुभ तो किसी कुछ लोगों के लिए अशुभ हो सकती हैं।
वास्तुशास्त्र की मानें तो घर की सुख समृद्धि में बाधा आने का कारण कई बार गलत वास्तु भी होता है। इसलिए आज के दौर में कई लोग अपने घर या ऑफिस को वास्तु के अनुसार ही तैयार करवाते हैं। माना जाता है कि वास्तु सही नहीं होने से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। घर में किचन एक ऐसा स्थान है जहां का वास्तु एकदम सही होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हो तो इसका बुरा प्रभाव पूरे परिवार की सेहत और किस्मत पर पड़ता है। आइए जानते हैं –
फलों को रखने की ये हो जगह: किचन का वास्तु आपकी तरक्की और सेहत से जुड़ा है। आमतौर पर लोग बाजार से फल और सब्जियां लाकर किचन के फर्श पर रख देते हैं। वास्तु शास्त्र के मुताबिक ऐसा करने से घर में नेगेटिव एनर्जी का संचार होता है। इस कारण बनती चीजें भी बिगड़ने लगती हैं। अगर फल या सब्जी को जमीन पर रखने के बजाए लकड़ी की टेबल या अन्य किसी लकड़ी की चीज पर रखा जाए तो शुभ माना जाता है। इससे बिगड़े काम बनने लगते हैं। घर की निगेटिविटी खत्म होने लगती है।
इन दिशाओं में न करें रसोई का निर्माण: वास्तु के अनुसार उत्तर दिश में किसी भी व्यक्ति को रसोई घर नहीं बनानी चाहिए। वहीं, उत्तर पूर्व, दक्षिण पश्चिम, मिड वेस्ट और साउदर्न साउथ वेस्ट में भी रसोई का होना अशुभ माना जाता है। अगर आपका किचेन दक्षिण दिशा में है तो इस बात को सुनिश्चित करें कि चूल्हा पूरब दिशा में ही हो। बता दें कि विशेषज्ञों के अनुसार रसोई घर आग्नेय कोण में होना चाहिए। यहां आग्नेय कोण का मतलब दक्षिण और पूर्व के बीच का स्थान है।
इन रंगों का करें इस्तेमाल: वास्तु शास्त्र में इस बात का भी जिक्र मिलता है कि घर के किस कोने का रंग कैसा होना चाहिए। किचेन की अगर बात की जाए तो इसके फर्श व दीवारों का रंग पीला, गेरुआ और नारंगी रखना उचित होगा। वहीं, नीले और आसमानी रंग का प्रयोग रसोई घर में नहीं करना चाहिए।
झाडू-डस्टबिन की क्या हो जगह: साफ-सफाई का सामान जैसे कि झाडू-पोछा को नैऋत्य कोण में रखना हर दृष्टि से बेहतर माना जाता है। वहीं, कूड़ेदान को रसोई में रखने की अपेक्षा उसके बाहर रखें। इसके अलावा, मिक्सी, माइक्रोवेव, ब्लेंडर जैसे जितने भी बिजली के उपकरण रसोई में मौजूद हों, उन्हें दक्षिण पूर्व में रखें। साथ ही फ्रिज को उत्तर पश्चिम दिशा में रखना बेहतर होगा।