वास्तु शास्त्र (Vastu Shastra) अनुसार अगर घर में पैसा नहीं टिक रहा है या घर में कोई न कोई बीमार रहता है तो ऐसे में माना जाता है कि घर का वास्तु ठीक नहीं है। कहते हैं वास्तु ठीक नहीं हो तो जीवन में तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए वास्तु पर विशेष ध्यान देना जरूरी हो जाता है। यहां आप जानेंगे वास्तु शास्त्र के कुछ सरल तरीके जिन्हें अपनाने से आपके घर में सुख-समृद्धि आ सकती है।
हिंदू धर्म में स्वास्तिक के निशान को बेहद ही पवित्र माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि घर के मुख्य द्वार पर सिंदूर से ये निशान बनाने से घर में सुख समृद्धि बनी रहती है। इसके प्रभाव से नकारात्मक ऊर्जा घर में नहीं आ पाती। ध्यान रखें कि स्वास्तिक नौ उंगली लंबा और नौ उंगली चौड़ा होना चाहिए।
घर के मुख्य द्वार पर एक तरफ तुलसी का पौधा और दूसरी तरफ केले का पेड़ लगा सकते हैं। मान्यता है इन पेड़ को लगाने से वास्तु दोष से छुटकारा मिलता है और घर के लोगों की तरक्की होती है। अगर घर बनने में देरी हो रही है तो वास्तु अनुसार खाली प्लॉट में एक अनार का पौधा लगा दीजिये। मान्यता है ऐसा करने से घर जल्दी बनने के आसार रहते हैं। घर की छत पर एक गोल बड़ा आईना लगाने से वास्तु दोष से छुटकारा मिलता है। इससे घर परिवार पर किसी की बुरी नजर भी नहीं लगती। घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर करने के लिए घर के मुख्य द्वार पर शंख, सीप, कौड़ी लाल कपड़े या मोली में बांधकर लटका सकते हैं। (यह भी पढ़ें- सूर्य ग्रहण 5 राशि वालों के लिए शुभ, धन-दौलत बढ़ने की संभावना)
मान्यता है घर के मंदिर में सुबह-शाम घी का दीपक जलाने और शंख बजाने से वास्तु दोष नहीं रहता और घर परिवार के लोगों की तरक्की होती है। मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए घर की महिलाएं रोजाना सुबह स्नान करने के बाद तांबे के लोटे में जल लेकर उससे घर के मुख्य द्वार और उसके आस पास पानी का छिड़काव करें। रोज़ाना सुबह पानी में सेंधा नमक मिलाकर पोंछा लगाएं। मान्यता है ऐसा करने से घर-परिवार से नकारात्मक ऊर्जा दूर चली जाती है। (यह भी पढ़ें- दिसंबर में इस राशि वालों की इनकम में जबरदस्त बढ़ोतरी के आसार, देखें कहीं आपकी राशि तो ये नहीं?)