Valentines Day 2020, Love Astrology: ज्योतिष अनुसार कुल 12 राशियां मानी गई है और हर एक राशि का अपना स्वामी ग्रह होता है। जिस व्यक्ति की राशि का जो स्वामी ग्रह होता है उसका प्रभाव उस इंसान की लाइफ पर पड़ता है। 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे मनाया जायेगा। प्रमी प्रेमिकाओं के लिए ये दिन बेहद खास होता है। इस खास मौके पर हम आपको बताने जा रहे हैं कि राशि अनुसार लव लाइफ को लेकर लोग कैसे होते हैं…
मेष: ज्योतिष के मुताबिक इस राशि के जातक पुरुष तत्व प्रधान होते हैं। इस राशि के जातकों के लिए प्यार एक जरूरत की तरह होता है। जिसे पूरा करने के लिए वे हर संभव कोशिश में लगे रहते हैं। लव पार्टनर की जरूरतों पर ये लोग खास ध्यान देते हैं।
वृषभ: इस राशि वालों की नजर में प्यार शारीरिक और स्नेह भावना है। प्यार इनके लिए सुखद होता है। प्यार के मामले में लव पार्टनर के प्रति बहुत अधिक वफादार रहते हैं। लव लाइफ में आराम और सुख को प्रधानता देते हैं।
मिथुन: इस राशि के जातकों के लिए प्यार खुशी देने वाला साबित होता है। हालांकि कभी-कभी लव लाइफ को लेकर असमंजस भी बना रहता है। ये अपने लव पार्टनर के साथ घंटों बातें करते हुए बिता सकते हैं।
कर्क: इस राशि के जातक पूरी निष्ठा के साथ प्यार करते हैं। लव पार्टनर के प्रति इनके भीतर उदारता बनी रहती है। ये अपनी लव लाइफ को मैरिड लाइफ में भी तब्दील करना चाहते हैं। प्यार के चाहत में कई बार भावुक भी हो जाते हैं।
सिंह: प्यार के मामले में इस राशि के जातक उत्साही होते हैं। ये अपने चाहने वालों की अच्छी तरह से देखभाल करते हैं। कई बार दिखावे में भी अपने प्यार का इजहार करते हैं। रिलेशनशिप को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं।
कन्या: इस राशि के जातक जिस किसी से प्यार करते हैं, उसका हमेशा ध्यान रखते हैं। इन्हें अपने लव पार्टनर पर निर्भर होना अच्छा नहीं लगता है। ये अपने रिलेशन के प्रति अच्छी तरह समर्पित रहते हैं। गुस्से के कारण इनका लव लाइफ कई बार प्रभावित भी हो जाता है।
तुला: इस राशि के जातक लव लाइफ को बखूबी निभाते हैं। ये आकर्षक और प्यार में समर्पित होते हैं। हालांकि रिलेशन के लिए हामी भरने में समय लगाते हैं। कई बार ये प्यार की गहराइयों को समझ भी नहीं पाते हैं।
वृश्चिक: इस राशि के जातकों के लिए प्यार सबकुछ होता है। हालांकि प्यार को जानने और समझने के लिए ज्यादा समय लगाते हैं। प्यार में इनका व्यवहार बहुत ही नपा-तुला होता है। लोग इनके आकर्षण का शिकार हो जाते हैं।
धनु: इस राशि के जातक मिलनसार होते हैं। जिस कारण से इनकी लव लाइफ बहुत अच्छी साबित होती है। अपने प्रेमी के साथ घूमना पसंद करते हैं। इस वजह से ये अपने रिश्ते को लेकर खुश रहते हैं।
मकर: प्यार के मामले में इस राशि के जातक भरोसेमंद होते हैं। भावनाओं में बहने से बचते हैं। लव लाइफ में कई बार इनके ऊपर स्वार्थी होने का भी आरोप लगता है। रिलेशनशिप में जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हैं।
कुंभ: इस राशि के जातक प्यार को पूरी तरह स्वीकार करते हैं। लव लाइफ में हामी भरने के बाद पीछे नहीं हटते हैं। ये मजाकिया होते हैं जिस कारण से लव लाइफ को बहुत आगे तक ले जाते हैं। अपने साथी के प्रति वफादार होते हैं।
मीन: इस राशि के लोग लव लाइफ में स्वार्थी होते हैं। प्यार के मामले में साथी के सामने सदैव लचीला व्यवहार रखते हैं। लव लाइफ में आपसी तकरार इन्हें पसंद नहीं होता है।

