Ugadi 2020 Date in Telangana, Tamil Nadu, Andhra Pradesh, Karnataka: दक्षिण भारत में उगादी पर्व मनाया जाता है। ये त्योहार हिंदू पंचांग के मुताबिक हर साल चैत्र शुक्ल माह के प्रथम दिन आता है। इस बार उगादी 25 मार्च दिन बुधवार को पड़ रहा है। यह पर्व बसंत आगमन के साथ ही किसानों के लिए नई फसल के आगमन का भी अवसर होता है। इसी दिन से चैत्र नवरात्रि का भी आंरभ हो जाता है। उगादी के दिन ही माना गया है कि भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी। इस दिन पिच्चड़ी नाम का पेय पदार्थ बनाया जाता है जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद है।
उगादी पर्व से जुड़ी कहानी: इस दिन से दक्षिण भारत के लोग शुभ कार्यों का आरंभ भी करते हैं। जैसे नये व्यापार की शुरूआत और गृह प्रवेश करने के लिए भी ये दिन शुभ होता है। उगादी पर्व से जुड़ी कई कथाएं प्रचलित हैं। ब्रह्मपुराण के अनुसार वैसे तो शिवजी ने ब्रह्मा जी को श्राप दिया था कि उनकी पूजा धरती पर नहीं की जाएगी। लेकिन आंध्रप्रदेश में उगादी के शुभ पर्व पर इनकी पूजा की जाती है। कहा जाता है कि इस दिन ब्रह्मा जी ने दुनिया की रचना की थी। एक कथा के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु ने अपना मत्स्य अवतार लिया था। कहा जाता है कि भगवान राम और राजा युधिष्ठिर का राज्याभिषेक भी इसी दिन हुआ था।
कैसे मनाते हैं यह पर्व? इस दिन दक्षिण भारत के लोग सुबह जल्दी उठकर रोजाना के कार्यों से निवृत्त होकर शरीर पर उबटन और तिल का तेल लगाकर स्नान करते हैं। इसके बाद नए वस्त्र धारण कर मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं। हाथ में गंध, अक्षत, चमेली के फूल और जल लेकर ब्रह्मा जी के मंत्रों का जाप करते हैं। लोग अपने घर में रंगोली भी बनाते हैं।
उगादी 2020 शुभ मुहूर्त:
तेलुगु शक सम्वत 1942 प्रारम्भ
उगादी – 25 मार्च 2020, बुधवार
प्रतिपदा तिथि प्रारम्भ – 14:57 बजे (24 मार्च 2020)
प्रतिपदा तिथि समाप्त – 17:26 बजे (25 मार्च 2020)

