Somwar Ke Upay: सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित है, मान्यता है कि जो भक्त प्रत्येक सोमवार को सच्चे मन से महादेव की अराधना करते हैं, उनपर भगवान की कृपा बरसती है। कई लोग सालों-साल सोमवार का व्रत करते हैं, कथा पढ़ते हैं और पूरी श्रद्धा से भगवान की पूजा करते हैं। ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि सोमवार के दिन किसी भी नए कार्य की शुरुआत शुभ मानी जाती है। साथ ही, कहा जाता है कि जिन बच्चों का जन्म इस दिन होता है वो भले और नेक होते हैं।
ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि इस खास दिन पर कुछ जरूरी उपाय कर लेने से घर में सुख-समृद्धि आती हैं और मां लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है। आइए जानते हैं कि किन उपायों को अपनाने से घर में बरकत आने की मान्यता है।
माना जाता है कि सोमवार के दिन सफेद वस्तुएं जैसे दूध, दही, सफेद कपड़ा, चीनी आदि का दान करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। कहते हैं कि इस दिन भगवान शिव के ‘शिव रक्षा स्त्रोत’ का पाठ करने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। इस स्तोत्र के बारे में कहा जाता है कि इसे नियमित रूप से पढ़ने से धन संबधी समस्याएं दूर होती हैं।
ऐसा माना जाता है कि जिस व्यक्ति की कुंडली में चंद्रमा निचले स्थान पर स्थित हो तो उन्हें इसके प्रभाव को कम करने के लिए चंदन का सफेद तिलक और सफेद कपड़े पहनना चाहिए। इसके अलावा, चांदी की अंगूठी और सफेद मोती को धारण करने से भी शुभ फल मिलते हैं। मान्यता ऐसी भी है कि चंद्रमा के कष्ट देने पर चांदी को नदी में बहाने से सारी समस्याएं भी साथ बह जाती हैं।
सोमवार की शाम को काले तिल और कच्चे चावल को मिलाकर दान करने से आर्थिक लाभ होने की मान्यता है। बताया जाता है कि ऐसा करने से पितृ दोष का प्रभाव कम हो जाता है और दूसरी परेशानियों से भी राहत मिलती। बताया जाता है कि इस दिन व्रत रखने, माथे पर भस्म का तिलक (भभूत) लगाने और शाम के समय भगवान शिव की प्रतिमा या तस्वीर के समक्ष दीपक रखने से महादेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।