डॉ. कुमार विश्वास युवाओं के बीच काफी चर्चित हैं। उनके प्रशंसकों की संख्या हजारों में है। कुमार विश्वास अक्सर शेरो-शायरी के अलावा धर्म और आस्था जैसे विषयों पर भी अपनी बात रखते देखे गए हैं। इन दिनों उनका ऐसा ही एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। बीते दिनों कुमार विश्वास ने जयपुर में भगवान राम के जीवन पर आधारित एक विशेष कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।

इस प्रस्तुति को ‘अपने-अपने राम’ नाम दिया गया है। इसी प्रस्तुति में कुमार विश्वास एक जगह भगवान राम और महात्मा गांधी के बीच समानता बताते नजर आते हैं। वे कहते हैं कि किस तरह महात्मा गांधी ने भगवान श्रीराम का अनुसरण किया और उनके सिद्धांतों का पालन करने का प्रयास किया।

कुमार विश्वास ने कहा, ‘सभी को भगवान राम की कहानी सुननी चाहिए, भले ही वे आपको पसंद न हों। अगर आप उनकी कहानी को सुन लेंगे तो आपके अंदर मनुष्यता आ जाएगी। व्यापार, शिक्षा सब कुछ सफल हो जाएगी’। भगवान राम ने अयोध्या लौटते वक्त हर वो काम किया था, जो इस देश को जोड़ सकता है, जो इसे एक सूत्र में बांध सकता है।

कुमार विश्वास ने कहा, “महात्मा गांधी के जीवन पर भगवान राम की छाप है। उन्हें पता था कि जिन लोगों के खिलाफ वह लड़ाई लड़ रहे हैं, सूट-बूट पहनकर उनका सामना नहीं कर सकते हैं। इसलिये उन्होंने सूट-बूट उतार दिये और सामान्य वेशभूषा धारण की। भारत लौटने पर 3 साल यहां घूमते रहे।

इसी दौरान का एक वायका है। गांधी जी बिहार की यात्रा पर थे। इसी दौरान एक जगह उन्होंने देखा कि एक महिला नदी में नहा रही थी। पास से एक ट्रेन भी गुजर रही थी। चूंकि महिला के पास सिर्फ एक कपड़ा ही था। ऐसे में वह ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रही थी ताकि नदी से बाहर निकल सके।

बापू नदी किनारे पानी पीने गए, तो अपनी एक धोती उस महिला को दे दी और कहा कि अगर किसी के पास एक भी कपड़ा नहीं है तो अपने पास दो-दो कपड़े रखना बेकार है।

कुमार विश्वास ने कहा जो शख़्स घर छोड़ देता है, उसके अंदर त्याग की भावना आ जाती है। अगर दशरथ के बेटे भगवान राम घर में बैठे रहते तो वे केवल राम बनकर रह जाते। जब जंगलों की खाक छानी, त्याग किया, लोगों के दुख देखे और उनके साथ खड़े हुए तब जाकर वह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम बने।