Dream Interpretation: नींद में जाते ही सपने देखना आम बात है, पर कई बार ये सपने हमें कुछ संकेत देना चाहते हैं। स्वप्न शास्त्र के अनुसार हर सपने के तार हमारी जिंदगी से जुड़े होते हैं। इसके मुताबिक सपने हमें भविष्य के बारे में संकेत देते हैं तो कई बार आने वाली परेशानी को लेकर आगाह भी करते हैं। जानकार ये भी मानते हैं कि हमारे अचेतन मन में जो विचार आते रहते हैं, वही नींद में जाने पर सपनों के रूप में नजर आते हैं। स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपनों को शुभ और अशुभ स्वप्नों में बांटा गया है। आज हम उन सपनों के बारे में बताएंगे जो खराब स्वास्थ्य या आने वाले किसी गंभीर बीमारी के सूचक हैं।
अगर आप सपने में स्वयं को काजल लगाते हुए देखते हैं तो स्वप्नशास्त्र के अनुसार आप आने वाले भविष्य में किसी शारीरिक कष्ट का सामना कर सकते हैं। खुद को काजल लगाते हुए देखना किसी छोटी या बड़ी बीमारी का संकेत देते हैं। हालांकि, अगर आप ऐसा सपना देखते हैं तो घबराने की बजाय ज्यादा सावधान हो जाएं।
सपने में खुद को तेल, घी, दूध या फिर कोई अन्य तत्वों से मालिश करते हुए देखते हैं तो ये भी किसी गंभीर बीमारी के सूचक हो सकते हैं। स्वप्नशास्त्र के अनुसार खुद को मालिश करते हुए सपने देखने का अर्थ है कि आप किसी भयानक बीमारी से पीड़ित होने वाले हैं। इसके अलावा, सपने में लाल रंग का आना भी खतरनाक माना जाता है। आपको स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी हो सकता है, ऐसे में जरूरी है कि इस तरह के सपने देखने पर आप सतर्क रहें।
गहरी नींद में जाने पर कई सपनें दिखते हैं, इनमें से कुछ सपनों को हम भूल जाते हैं जबकि कुछ सपने हमारी स्मृति-पटल पर शेष रह जाती हैं। अगर सपने में आपको पेड़ कटना दिखाई दे तो स्वप्नशास्त्र के अनुसार यह आपके परिवार के बड़े-बुजुर्गों को होने वाली स्वास्थ्य परेशानियों की ओर संकेत करता है।
इसके अलावा, अगर आप सपने में किसी महिला को गाना गाते, स्नान करते या फिर रोते हुए देखते हैं तो स्वप्नशास्त्र में इन सपनों को अशुभ माना गया है। ये सपने इंसान पर आने वाले शारीरिक परेशानियों के सूचक हैं। इस तरह के सपने लोगों में गंभीर बीमारियों के आने का संकेत देती हैं।

