Dream Interpretation for Money: स्वप्न शास्त्र सपनों पर आधारित शास्त्र हैं। इस शास्त्र में उन सपनों का अध्ययन किया जाता है जो व्यक्ति सोते समय देखता है। इसमें यह बताया जाता है कि सोते समय व्यक्ति विषय, वस्तु, व्यक्ति और धातु आदि को देखता है उससे उसका आने वाला जीवन और परिस्थितियां प्रभावित होती हैं। वर्तमान में कई लोग स्वप्न शास्त्र पर यकीन करते हैं। बताया जाता है कि स्वप्न शास्त्र में ऐसे सपनों का भी जिक्र किया गया है जिनसे घर की बरकत प्रभावित हो सकती है।
चांदी के पैरों की छाप देखना – ऐसी मान्यता है कि अगर आपने सपने में चांदी के पैरों की छाप देखी है तो यह अत्यधिक शुभ सपना है। जानकारों का मानना है कि ऐसा सपना देखने का अर्थ यह है कि देवी लक्ष्मी आपसे प्रसन्न हैं और आपके घर में बरकत के रूप में विराजमान हैं। यह सपना देखने के बाद देवी लक्ष्मी को लाल रंग का पुष्प अर्पित करना चाहिए।
सपने में सड़े हुए फल देखना – माना जाता है कि अगर कोई व्यक्ति सपने में सड़े हुए फल देखता है तो इससे उसकी आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है। कहते हैं कि सपने में सड़े हुए फलों की मात्रा जितनी अधिक होती है इसका दुष्प्रभाव भी उतना ही अधिक पड़ता है। ऐसा सपना देखने पर उगते सूरज को अर्घ्य अर्पित करना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने पर बुरे सपने से मिलने वाला प्रभाव कम हो जाता है।
घर में लाल रंग के पुष्प देखना – बताया जाता है कि घर में लाल रंग के पुष्प देखना बहुत अच्छा सपना है। इस सपने के माध्यम से घर में धन-धान्य आने की मान्यता है। कहते हैं कि लाल रंग के पुष्प देवी लक्ष्मी के होते हैं यानी इस सपने का अर्थ यह है कि देवी लक्ष्मी आपके घर में वास करती हैं।
घर में टूटी हुई झाड़ू लगाना – सपने में अपने घर में टूटी हुई झाड़ू लगाना अशुभ माना जाता है। विद्वानों का मानना है कि ऐसे सपने से घर की बरकत का नाश होता है। कहते हैं कि झाड़ू घर में वैभव और लक्ष्मी लेकर आती हैं। इसलिए घर की झाड़ू हमेशा साफ-सुथरी और साबुत होनी चाहिए। अगर आपने ऐसा सपना देखा है तो आपको श्री लक्ष्मी नारायण हृदय स्तोत्र का पाठ करना चाहिए।