Dream interpretation for Money: स्वप्न शास्त्र में यह माना जाता है कि सपनों का हमारी जिंदगी पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। सपने सेहत, व्यवसाय, रोजगार, भविष्य और सुख-दुख को तो प्रभावित करते ही हैं लेकिन साथ ही कुछ सपने ऐसे भी होते हैं जिनसे अचानक धन प्राप्ति के योग भी बन सकते हैं। साथ ही यह भी मान्यता है कि सपने में कुछ विशेष वस्तुएं दिखें तो इससे अचानक धन लाभ भी हो सकता है। इन सपनों को देखने पर इन्हें गुप्त रखना चाहिए अन्यथा इनसे मिलने वाले फलों में कमी आती हैं।

कूड़े का ढेर देखना – असल में कूड़ा जितना गंदा माना जाता है, सपने में कूड़े का ढेर देखना उतना ही ज्यादा शुभ माना जाता है। कहते हैं कि सपने में कूड़े का ढेर देखने से अचानक धन लाभ के योग बन सकते हैं। ऐसा सपना देखने पर किसी को नहीं बताना चाहिए। साथ ही संभव हो तो ऐसा सपना देखने के बाद माता महालक्ष्मी को लाल फूल अर्पण करना चाहिए।

मोरपंख की छाया – स्वप्न शास्त्र में यह माना जाता है कि सपने में खुद को मोरपंख की छाया में बैठा हुआ देखना शुभ सपना है। मान्यता है कि मोरपंख की छाया से व्यक्ति की आर्थिक स्थिति में सुधार आता है और अगर सपने में आर्थिक स्थिति बदलने के संकेत नजर आते हैं तो यह संभव है कि बहुत जल्द आर्थिक स्थिति में परिवर्तन आए।

चांदी के आभूषण – हमेशा से चांदी को सबसे ज्यादा शुभ धातु माना गया है। ऐसे में यह बताया जाता है कि अगर कोई व्यक्ति सपने में चांदी के आभूषण धारण करता है तो इससे उसका भाग्योदय होता है। यह सपना अचानक धन लाभ करवाने में कारगर माना जाता है। कहते हैं कि इस सपने के बारे में किसी को नहीं बताना चाहिए।

कमल के फूलों का तालाब – शास्त्रों में ऐसा वर्णन किया गया है कि देवी लक्ष्मी कमल के फूल पर विराजमान होती हैं। इसलिए स्वप्न शास्त्र भी यह मानता है कि सपने में कमल के फूलों का तालाब देखना अत्यंत शुभ होता है। इसका मतलब यह है कि देवी लक्ष्मी की कृपा आप पर बरसने वाली हैं। इस सपने के बारे में किसी को नहीं बताना चाहिए।