मनुष्य की जन्मकुंडली में 9 ग्रह स्थित होते हैं। इन ग्रहों में से कुछ ग्रह सकारात्मक स्थित होते हैं तो कुछ नकारात्मक। जो ग्रह नकारात्मक स्थित होते हैं, उनका प्रभाव उस व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है और वह जीवन भर परेशानियों से घिरा रहता है। ज्योतिष में इन ग्रहों को शांत और नकारात्मक प्रभाव खत्म करने के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं। यहां हम बात करने जा रहे हैं ग्रहों के राजा सूर्य के बारे में, जिस व्यक्ति की जन्मकुंडली में सूर्य ग्रह नकारात्मक या नीच के स्थित होते हैं। ऐसे लोगों की अपने पिता से अनबन रहती है, बॉस से पटरी नहीं खाती है। साथ ही उसे हृदय और आंख से संबंधित रोग हो सकते हैं। आइए जानते हैं सूर्य ग्रह के उपायों के बारे में…

मिलता है सूर्य देव का आशीर्वाद

रविवार के दिन भगवान सूर्य के ढ़ल जाने के बाद पीपल के पेड़ के नीचे चार मुंह वाला दीया जलाएं। ऐसा करने से सूर्य भगवान का आशीर्वाद प्राप्त होता है। साथ ही धन-संपत्ति में वृद्धि होती है।

इन चीजों का करें दान

ज्योतिष शास्त्र अनुसार रविवार को तांबा और गेहूं का दान करना चाहिए। ऐसी मान्यता है कि इस टोटके को अपनाने से धन संबंधी सभी दिक्कतें दूर हो सकती हैं। आर्थिक समस्याओं को कम करने के साथ ही तांबा और गेहूं दान करने से लोग बीमारियों के खतरे से भी दूर रह सकते हैं। साथ ही सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है।

सूर्य देव को चढ़ाएं जल

सूर्य देव की कृपा पाने के लिए नित्य सूर्य देव को पिसी हुआ हल्दी डालकर जल चढ़ाना चाहिए। साथ ही हर रविवार को आदित्य ह्रदय स्त्रोत का पाठ करना भी अति शुभदायक हो सकता है। माना जाता है कि इस स्त्रोत का पाठ करने से सूर्य भगवान प्रसन्न होते हैं और उनकी विशेष कृपा लोगों को प्राप्त होती है।

इस मंत्र का करें जाप

ज्योतिष शास्त्र अनुसार सूर्य ग्रह मजबूत करने के लिए रविवार के दिन स्नान करने के बाद लाल वस्त्र धारण करें। साथ ही सूर्य ग्रह के मंत्र ओम ह्रां ह्रीं ह्रौं स: सूर्याय नम: मंत्र का जाप 3, 5 या 12 माला करें। इससे अवश्य लाभ मिलेगा।